भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सुरक्षा में बुधवार रात बड़ी चूक सामने आई। एक बाइक सवार आरक्षक ने लालघाटी चौराहे पर मुख्यमंत्री के काफिले में घुसकर सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और करीब चार किलोमीटर तक काफिले का पीछा करता रहा। पुलिस ने करबला तिराहे के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा।
जांच में आरक्षक शराब के नशे में पाया गया, जिसके बाद उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रात करीब 10 बजे स्टेट हैंगर से मुख्यमंत्री निवास लौट रहे थे। काफिले के गुजरने के दौरान लालघाटी चौराहे पर कोहेफिजा पुलिस द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।इसी दौरान निशातपुरा थाने में पदस्थ आरक्षक शैलेश अवस्थी बाइक लेकर अचानक काफिले के बीच पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरक्षक ने वीआईपी रोड पर मुख्यमंत्री के काफिले को ओवरटेक करने का भी प्रयास किया। स्थिति गंभीर होते देख पुलिस ने वायरलेस के माध्यम से आगे तैनात पुलिसकर्मियों को सूचना दी।
इसके बाद करबला तिराहे के पास उसे रोक लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ब्रीथ एनलाइजर जांच में आरक्षक शराब के नशे में पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए डीसीपी जोन-4 ने उसे सस्पेंड कर दिया।
बताया जा रहा है कि शैलेश अवस्थी भोपाल में थाना प्रभारी रहे इंस्पेक्टर नीलेश अवस्थी का छोटा भाई है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था और कोहेफिजा पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा में चूक की अलग से जांच कर जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।