ग्वालियर। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में गुरुवार को मौसम में अचानक बदलाव आया। सुबह से लेकर दोपहर बाद चार बजे तक खासी गर्मी थी और तापमान दिन का तापमान 34.7 डिसे रहा। लेकिन चार बजे के बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान पर बादल छाने के साथ तेज ठंडी हवा चलने लगी।
हवा की गति 20 किमी प्रतिघंटा रही। इससे पूरा वातावरण ठंडा हो गया। चूंकि दिन की गर्मी की वजह से लोग हल्के कपड़े पहने हुए थे। ऐसे में लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के साथ साथ चक्रवातीय प्रसार के असर से हुआ है। आगामी तीन दिन में अंचल में तेज हवा के साथ मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है।
इसलिए भी हुआ मौसम ठंडा
दिल्ली व एनसीआर में सुबह से वर्षा हो रही है। ग्वालियर पास के जिले मुरैना में भी चार बजे के बाद तेज वर्षा हुई। साथ ही ग्वालियर जिले के ऊपर भी बादल छा गए और तेज ठंडी हवा चली। इस वजह से मौसम काफी ठंडा हो गया। अचानक हुए मौसम में बदलाव ने लोगों को असहज कर दिया। क्योंकि इस तरह के ठंडे मौसम की लोगों को उम्मीद नहीं थी।
मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल ने ग्वालियर चंबल अंचल के लिए आगामी तीन दिन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आगामी तीन दिन यानि 18 अक्टूबर तक ग्वालियर व चंबल क्षेत्र के जिलों में तेज हवा के साथ मध्यम से तेज वर्षा गरज चमक के साथ हो सकती है।
इन दिनों में अंचल का दिन व रात का तापमान भी गिर सकता है। रात का तापमान 20 डिसे तक आ सकता है और दिन का तापमान 30 डिसे तक आ सकता है। वर्तमान में जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। साथ ही हरियाणा के ऊपर चक्रवातीय प्रसार बना है। इन सिस्टमों के असर की वजह से अंचल में वर्षा के आसार बने हैं।