अगर आप अपने बच्चे को सैनिक स्कूल में पढ़ाना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है। यूपी में सैनिक स्कूलों के एडमिशन का प्रोसेस शुरू हो चुका है। यूपी सैनिक स्कूल सोसाइटी ने प्रवेश परीक्षा 2027-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सेना से जुड़े परिवारों के अलावा आम नागरिकों के बच्चे भी एडमिशन ले सकते हैं लेकिन निर्धारित योग्यता पूरी करनी होगी।
कक्षा 6 और 9 में प्रवेश लेने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना किसी लेट फीस के आवेदन फॉर्म जमा करने और शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक है। यहां एडमिशन से जुड़ी तारीखें और पूरी डिटेल दी जा रही है।
यूपी सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 2027-28 के लिए योग्यता
UP सैनिक स्कूल की ऑफिशियल वेबसाइट upsainikschool.org के अनुसार, कक्षा 6 में प्रवेश के लिए छात्रों का कक्षा 5 पास होना या वर्तमान में कक्षा 5 में पढ़ना आवश्यक है। कक्षा 9 में प्रवेश के लिए छात्रों का कक्षा 8 पास होना जरूरी है। जानकारी के अनुसार, जो छात्र अभी कक्षा 9 में पढ़ रहे हैं तो वे भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा प्रवेश के लिए योग्यता की एक शर्त यह भी है कि स्टूडेंट का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना आवश्यक है। छात्रों के लिए जन्म तिथि की जानकारी इस प्रकार हैं-
कक्षा 6- जन्म 2 जुलाई 2015 से 1 जनवरी 2018 के बीच हुआ हो।
कक्षा 9- जन्म 2 जुलाई 2012 से 1 जनवरी 2015 (दोनों तिथियां शामिल) के बीच हुआ हो।
प्रवेश परीक्षा संभावित रूप से 20 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। छात्रों और अभिभावकों को योग्यता, आयु सीमा और प्रवेश संबंधित अन्य जानकारी के लिए प्रोस्पेक्टस को ध्यान से पढ़ना चाहिए।
आम नागरिकों के बच्चे भी सैनिक स्कूल में कर सकते हैं पढ़ाई
यूपी सैनिक स्कूल में दाखिले के लिए सिर्फ सेना के जवानों या अधिकारियों के बच्चे ही पात्र नहीं हैं। आम नागरिक भी अपने बच्चों के एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयन निर्धारित पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया के आधार पर किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में कैप्टन मनोज कुमार पांडेय यूपी सैनिक स्कूल, लखनऊ और सैनिक स्कूल, गोरखपुर में दाखिले के लिए आवेदन किया जा सकता है। दोनों स्कूलों में लड़कियों के प्रवेश के नियम कक्षा और स्कूल के अनुसार अलग हैं।
UP Sainik School प्रवेश परीक्षा 2027-28: महत्वपूर्ण तिथियां
बिना लेट फीस के आवेदन करने की अंतिम तिथि- 25 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक
लेट फीस के साथ आवेदन करने की अंतिम तिथि- 31 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक
आवेदन में सुधार (करेक्शन) की विंडो- 3 से 5 नवंबर 2026, शाम 5 बजे तक
प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथि- 20 दिसंबर 2026
जो भी छात्र या अभिभावक आवेदन करना चाहते हैं तो उन्हें ऑफिशियल वेबसाइट वेबसाइट upsainikschool.org पर जाना होगा। यहां ओपन एप्लीकेशन (Open Application) सेक्शन में जाकर न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करके अपना एप्लिकेशन फाॅर्म भरना होगा।
25 अक्टूबर 2026 है रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि
बिना किसी लेट फीस के आवेदन फॉर्म जमा करने और शुल्क का भुगतान करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे है। जो कैंडिडेट्स इस समय-सीमा तक आवेदन नहीं कर पाते हैं तो उन्हें 2,000 रुपये की लेट फीस देकर 31 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक आवेदन पूरा करना होगा। छात्र और अभिभावक ऑफिशियल वेबसाइट भी विजिट कर सकते हैं।