GNews7.com

छत्तीसगढ़ में बिजली गिरने से 5 मौतें:भारी बारिश का अलर्ट, बस्तर में स्कूलों की छुट्टी, जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट रद्द, 60 किमी रफ्तार से चलेगी आंधी

Updated on 24-09-2026 01:29 PM

छत्तीसगढ़ में आज (24 सितंबर) बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। एक-दो जगह भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

रायपुर समेत 15 जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। वहीं बुधवार को प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में 5 लोगों की मौत हो गई। बालोद में खेत में काम कर रही महिला की मौत हुई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं।

धमतरी के नगरी इलाके में देर रात गरज-चमक के बीच सड़क पर मौजूद चार लोगों पर अचानक बिजली गिर गई। इस हादसे में एक युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया, वहीं तीनों घायलों का इलाज जारी है।

कांकेर में खेत में पेड़ के नीचे बैठे किसान की जान चली गई। वहीं बेमेतरा में तालाब के पास पेड़ के नीचे खड़े दो मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।

खराब मौसम को देखते हुए बस्तर जिले में 24 सितंबर को सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वहीं, खराब मौसम का असर हवाई सेवा पर भी पड़ा है। जगदलपुर से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट आज रद्द कर दी गई है।

मौसम के बीच तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। पिछले 24 घंटे में राजनांदगांव में सबसे अधिक 32.5 डिग्री और पेंड्रा रोड में सबसे कम 21 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

40-60 किमी रफ्तार से हवा चलने का अलर्ट

इन जिलों में 40-60 किमी प्रति घंटे की तेज हवा:

कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली के कुछ हिस्सों में तेज हवा के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है।

इन जिलों में 30-40 किमी रफ्तार से हवा:

सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, राजनांदगांव, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही समेत कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की हवा के साथ गरज-चमक और बारिश हो सकती है।

24-25 सितंबर को मध्य छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से आज 24 सितंबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं मध्य छत्तीसगढ़ में 24 और 25 सितंबर को बारिश बढ़ने के आसार हैं।

अगले दो दिनों में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

रायपुर में 10.4 मिमी बारिश, तापमान 31.1 डिग्री

23 सितंबर को रायपुर में 10.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.8 डिग्री रहा। शाम को हवा की औसत रफ्तार 1 किमी प्रति घंटे और हवा में नमी 87% दर्ज की गई।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया।

बस्तर में त्रैमासिक परीक्षा भी आगे बढ़ी

24 सितंबर को जिन विद्यार्थियों की त्रैमासिक परीक्षा निर्धारित थी, उन्हें भी अब उसी दिन नहीं देना होगा। आदेश के मुताबिक 24 सितंबर की त्रैमासिक परीक्षा का आयोजन त्रैमासिक परीक्षा समाप्ति के बाद आने वाले अगले शाला दिवस में किया जाएगा।

यानी बारिश के कारण आज स्कूल बंद रहने के साथ परीक्षा दिन में भी बदलाव किया गया है। स्कूल प्रबंधन को आदेश के अनुसार स्टूडेंट्स और पेरेंट्स को जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

खुले में न निकलने की सलाह

मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर पर भी नजर रखने को कहा गया है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 24 September 2026
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कांस्टेबल (GD) और कांस्टेबल (GD) के 521 पदों पर भर्ती निकाली है। इसमें बैडमिंटन, बॉडी बिल्डिंग, बॉक्सिंग, फुटबॉल, हैंडबॉल,…
 24 September 2026
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्हें हरियाणा का भी प्रभार दिया गया है, जबकि सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।इससे…
 24 September 2026
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा सांसद फूलो देवी नेताम और विधायक तुलेश्वर मरकाम का फोन हैक हुआ है। बुधवार को फूलो देवी नेताम के वॉट्सऐप नंबर से साइबर ठगों ने परिचितों को…
 24 September 2026
छत्तीसगढ़ में आज (24 सितंबर) बारिश का दौर जारी रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान…
 24 September 2026
राजधानी रायपुर में मंत्रालय की बस में आग लगने की घटना के बाद गुरुवार को मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने खराब बस व्यवस्था के खिलाफ मंत्रालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारी…
 24 September 2026
रायपुर में कल यानी 25 सितंबर से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू होगा। 10 जोन में तालाब किनारे व्यवस्था की गई है। महादेवघाट में बड़ी प्रतिमाएं विसर्जित होंगी, जबकि छोटी…
 24 September 2026
रायपुर के खमतराई स्थित शिवानंद नगर के श्री वरसिद्धि विनायक गणेश मंदिर में 21 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जाता है। यहां पर दक्षिण भारतीय शैली में भगवान गणेश की स्थापना की…
 23 September 2026
भिलाई: दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र में चैन स्नैचिंग के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी कोई शातिर अपराधी नहीं, बल्कि इंजीनियरिंग की पढ़ाई…
 23 September 2026
बेमेतरा जिले के मंगरघटा गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने के नाम पर पैसे लेने का आरोप लगा है। दो ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के सरपंच…
Advt.