इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित ऐतिहासिक लालबाग पैलेस में खुदाई चल रही है। खुदाई के दौरान मंगलवार की सुबह एक तिजोरी मिली है। इसके बाद कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं। हालांकि इस तिजोरी के अंदर क्या है, इसके बारे में जानकारी नहीं है। खुलने के बाद ही पता चलेगा कि क्या है।
सड़क और दीवार बनाने को हो रहा काम
सड़क और दीवार बनाने के लिए परिसर में काम चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों की नजर मिट्टी में दबी तिजोरी पर पड़ी। इसके बाहर निकलते ही वहां मौजूद कर्मचारियों के बीच चर्चा शुरू हो गई। फिलहाल तिजोरी को सुरक्षित जगह पर रखवा दिया गया है और इसकी जानकारी अधिकारियों को दे दी गई है।
राजघराने से जुड़ा बता रहे
तिजोरी मिलने के बाद सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा हो रही है। कई लोग इसे होलकर राजघराने से जुड़ा बता रहे हैं। हालांकि अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। तिजोरी कितनी पुरानी है और इसके अंदर क्या रखा है इसका पता भी जांच के बाद ही चल पाएगा।
होलकर राजघराने से जुड़ा है लालबाग पैलेस का इतिहास
लालबाग पैलेस इंदौर की ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। इसका संबंध होलकर राजघराने से रहा है। यही वजह है कि यहां जमीन के नीचे से तिजोरी मिलने के बाद कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि कहीं इसका इस्तेमाल राजघराने के समय में तो नहीं किया जाता था। कुछ लोग इसमें पुराने दस्तावेज या कीमती सामान होने की संभावना भी जता रहे हैं।
अधिकारियों के निरीक्षण के बाद खुलेगा राज
फिलहाल तिजोरी को लेकर अधिकारी जांच करेंगे। इसके बाद ही पता चलेगा कि यह कितने साल पुरानी है और इसका होलकर राजघराने से कोई संबंध है या नहीं। साथ ही तिजोरी के अंदर कुछ सामान मौजूद है या नहीं यह भी जांच के बाद ही साफ होगा।
चौकीदार ने दी तिजोरी मिलने की जानकारी
परिसर के चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि लालबाग पैलेस में सड़क निर्माण और सफाई का काम चल रहा है। इसी दौरान खुदाई करते समय कर्मचारियों को जमीन में दबी तिजोरी दिखाई दी। मजदूरों ने इसकी जानकारी उन्हें दी जिसके बाद तिजोरी को बाहर निकलवाकर सुरक्षित जगह पर रखवा दिया गया।