दंतेवाड़ा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एम. भार्गव ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास कार्यों का क्षेत्रीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसियों को सभी निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम उन्होंने ग्राम पंचायत झोडि़याबाड़म में आत्मसमर्पित नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए निर्मित 19 आवासों का अवलोकन किया गया। यहां उन्होंने अधिकांश आवासों का ढलाई कार्य पूर्ण पाया गया, जबकि प्लास्टर एवं अन्य शेष कार्यों को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्होंने यही पर जैविक कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) का निरीक्षण कर जैविक उत्पादों के प्रसंस्करण, पैकेजिंग और विपणन की गतिविधियों का जायजा लिया गया तथा जिले को जैविक कृषि के क्षेत्र में अग्रणी बनाने पर चर्चा की गई।
ग्राम पंचायत बिंजाम में मधुमक्खी पालन इकाई का निरीक्षण करते हुए सीईओ ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और इस गतिविधि के विस्तार के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माणाधीन माध्यमिक शाला भवन का कार्य स्लैब स्तर तक पूर्ण होने के बावजूद बंद मिलने पर संबंधित एजेंसी को तत्काल कार्य प्रारंभ कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम बांगापाल में आत्मसमर्पित नक्सल प्रभावित परिवारों के लिए निर्माणाधीन पांच आवासों में चार पूर्ण और एक प्रगतिरत पाया गया, जिसे शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। इस क्रम में ग्राम बड़ेतुमनार में उन्होंने राहत शिविर भवन, ग्राम पंचायत भवन, एनआरएलएम क्लस्टर भवन तथा अटल डिजिटल सेवा केंद्र का निरीक्षण कर शेष निर्माण कार्य एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस क्रम में सीईओ भार्गव ने छिंदनार ग्राम पंचायत एवं डेनेक्स केंद्र का निरीक्षण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की और ग्राम हारम स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बेलिंग मशीन में विद्युत आपूर्ति की समस्या सामने आने पर उनके द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल के कार्यपालन अभियंता को तत्काल आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के अंत में सीईओ एम. भार्गव ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर प्रत्येक कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ बलराम ध्रुव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।