भोपाल। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून को भोपाल जिले में पांच वर्ष तक के तीन लाख 32 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर में 2710 पोलियो बूथ बनाए हैं। इसके अलावा 306 सुपरवाइजर, 121 ट्रांजेंडर टीम और 52 मोबाइल टीमों की तैनाती की जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
यह जानकारी जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी ने स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक में दी। उन्होंने निर्देश दिए कि पहले दिन अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य पूरा किया जाए। बैठक में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की समीक्षा करते हुए निजी अस्पतालों और क्लीनिकों का पंजीयन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि डिजिटल मिशन के माध्यम से पेपरलेस प्रिस्क्रिप्शन, बेहतर उपचार और मरीजों की प्रभावी निगरानी संभव होगी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने क्षेत्र के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों का हेल्थ फैसिलिटी और हेल्थ प्रोवाइडर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों पर तिवारी ने कहा कि माडरेट एनीमिया, गंभीर एनीमिया और प्रेग्नेंसी इंड्यूस्ड हाइपरटेंशन जैसे मामलों की समय पर पहचान और उपचार नहीं होने से मातृ मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है।