इस 10 दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के दौरान केवल बत्ती या हूटर ही नहीं, बल्कि- निर्धारित मानकों (High-Security Registration Plate) से हटकर फैंसी या गलत तरीके से लगाई गई नंबर प्लेटों, मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान भी काटे जाएंगे।
पुलिस मुख्यालय की ओर से प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों (SPs) को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में पुलिस टीमों को मैदान में उतारकर सघन चेकिंग अभियान चलाएं। साथ ही दोषियों पर विधि अनुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
केंद्रीय कैबिनेट ने 19 अप्रैल 2017 को मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों से लाल-पीली बत्ती और हूटर हटाने का आदेश जारी किया था, जो 1 मई 2017 से पूरे देश में प्रभावी हुआ था।
इसके बावजूद, कई लोग अपने निजी वाहनों पर हूटर, बत्ती और 'शासकीय' (Government Officer) लिखे स्टीकरों का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी VIP कल्चर और नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने यह कार्रवाई शुरू की है।