मामला 25 जून का है जब भोपाल मंडल के गुना के ऑन ड्यूटी टीटीई नरेश धाकड़ गाड़ी संख्या 04114 हुबली–प्रयागराज स्पेशल में टिकट जांच कर रहे थे। इसी दौरान एस-5 स्लीपर कोच की बर्थ संख्या 42 पर यात्रा कर रही एक महिला पर उनकी नजर गई। महिला नागपुर से ग्वालियर के लिए जनरल टिकट पर यात्रा कर रही थी। सहयात्रियों ने भी बताया कि महिला की स्थिति सामान्य नहीं लग रही थी।
टीटीई ने संवेदनशीलता और सतर्कता दिखाते हुए महिला से बातचीत की। पूछताछ में पता चला कि वह नागपुर निवासी है और घर से निकलकर यात्रा कर रही थी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए टीटीई ने तुरंत कार्रवाई की और महिला को सुरक्षित रूप से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) ग्वालियर को सुपुर्द किया।
उपलब्ध टिकट और अन्य जानकारी के आधार पर महिला के परिजनों से संपर्क किया गया। समय पर की गई इस कार्रवाई से महिला को संभावित जोखिम से बचाया जा सका।