लगातार चौथे दिन सेंसेक्स और 7वें दिन निफ्टी में गिरावट! महिंद्रा एंड महिंद्रा समेत लुढ़के ये शेयर
Updated on
19-08-2026 01:23 PM
नई दिल्ली: शेयर मार्केट में उतार-चढ़ाव की स्थिति जारी रहती है। इस दौरान निवेशक शेयरों की खरीदारी और बिक्री करते हैं। इस बीच आज बुधवार को एक बार फिर से स्टॉक मार्केट की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव और भारत सहित दुनिया के कई देशों की एनर्जी सप्लाई के लिए अहम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के बाधित होने से कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव ने मार्केट में अनिश्चितता का माहौल बना दिया है।बुधवार को 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स लगातार चौथे कारोबारी सत्र में गिरा हुआ दिखा। इसकी ओपनिंग लाल निशान में 77,218.05 के लेवल पर हुई। पिछले कारोबारी सत्र यानी मंगलवार को यह गिरावट के साथ 77,235.46 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, 50 शेयरों वाले निफ्टी इंडेक्स की बात करें तो यह लगातार सातवें कारोबारी सत्र में लुढ़का हुआ दिखा। इसकी ओपनिंग 24,152.05 पर हुई। बीते कारोबारी सत्र में निफ्टी50 लाल निशान में 24,154.90 पर बंद हुआ था। इनके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में आज एक बार फिर से कमजोरी दर्ज की गई है।सेंसेक्स और निफ्टी का ताजा अपडेट
सेंसेक्स आज 17.41 अंक यानी 0.02 फीसदी गिरकर 77,218.05 पर खुला, जबकि निफ्टी 2.85 अंक यानी 0.01 फीसदी गिरकर 24,152.05 पर खुला। सेंसेक्स 10 बजे 0.25 फीसदी यानी 190.85 अंक गिरकर 77,044.61 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 0.23 फीसदी यानी 55.85 अंक लुढ़कर 24,099.05 पर ट्रेड कर रहा था।इन शेयरों में उछाल
मार्केट खुलने के दौरान सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में से 11 शेयरों में उछाल दिखा है। इन्फोसिस में सबसे अधिक 1.43 फीसदी की तेजी दिखी। यह हरे निशान में 1131 के लेवल पर कारोबार कर रहा था। इसके अलावा एचसीएल टेक में 1.30 फीसदी की तेजी, इटरनल में 0.60 फीसदी की तेजी, टेक महिंद्रा में 0.46 फीसदी की तेजी, टीसीएस में 0.37 फीसदी की तेजी, ट्रेंट में 0.28 फीसदी और आईटीसी में 0.11 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।इन शेयरों में गिरावट
सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में गिरावट वाले की बात करें तो मार्केट खुलने के समय 19 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। बजाज फिनसर्व में 1.28 फीसदी की गिरावट दिखी। यह लाल निशान में 1984.85 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। बजाज फाइनेंस में 1.12 फीसदी, टाटा स्टील में 0.92 फीसदी, लार्सन एंड टूब्रो में 0.90 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 0.81 फीसदी और एशियन पेंट्स में 0.60 प्रतिशत की गिरावट नजर आई है।
रुपये और कच्चे तेल का हाल
भारतीय करेंसी रुपये में आज फिर से थोड़ी गिरावट देखी गई है। यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.71 पर खुला है। बीते कारोबारी सत्र में डॉलर के मुकाबले करीब 7 पैसे कमजोर होकर रुपया 95.68 के लेवल पर बंद हुआ था। वहीं, कच्चे तेल की कीमत में आज फिर से बढ़त दिखी है। इसकी कीमत बढ़कर अब 92 डॉलर प्रति बैरल हो गई है।