थायरॉइड की समस्या और पीएमओएस महिलाओं में होने वाली दो अलग-अलग हार्मोनल स्थितियां हैं। लेकिन इनके कुछ लक्षण एक जैसे हो सकते हैं, जैसे पीरियड्स का अनियमित होना, वजन बढ़ना, थकान और बालों का झड़ना। इसलिए कई बार यह समझना मुश्किल हो जाता है कि परेशानी की वजह थायरॉइड है, पीएमओएस है या दोनों स्थितियां एक साथ मौजूद हैं।

पीएमओएस से पीड़ित कुछ महिलाओं में थायरॉइड की गड़बड़ी भी पाई जाती है। हालांकि, दोनों के बीच संबंध होने का मतलब यह नहीं है कि एक बीमारी सीधे दूसरी बीमारी का कारण बनती है। सही पहचान के लिए लक्षणों के साथ जरूरी ब्लड टेस्ट और डॉक्टर की जांच महत्वपूर्ण होती है।
थायरॉइड डिसऑर्डर और पीएमओएस के लक्षण एक जैसे क्यों लग सकते हैं?

एनसीबीआई के अनुसार थायरॉइड गर्दन के सामने मौजूद एक छोटी ग्रंथि है, जो शरीर के मेटाबॉलिज्म, एनर्जी के इस्तेमाल और कई शारीरिक प्रक्रियाओं को नियंत्रित करने वाले हार्मोन बनाती है। जब यह ग्रंथि पर्याप्त हार्मोन नहीं बनाती, तो इसे हाइपोथायरॉइडिज्म कहते हैं। इसके कारण थकान, वजन बढ़ना, ठंड ज्यादा लगना, कब्ज, त्वचा में रूखापन और बाल झड़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

दूसरी ओर, पीएमओएस एक हार्मोनल और मेटाबॉलिक स्थिति है, जिसमें ओव्यूलेशन प्रभावित हो सकता है और शरीर में एंड्रोजन हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है। इसके संकेतों में अनियमित पीरियड्स, चेहरे पर अनचाहे बाल, मुंहासे और सिर के बाल पतले होना शामिल हैं। कुछ महिलाओं को वजन नियंत्रित करने में भी परेशानी होती है।

इसलिए थकान, वजन बढ़ना और बाल झड़ना जैसे लक्षण दोनों स्थितियों में नजर आ सकते हैं। सिर्फ लक्षण देखकर किसी एक बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती।

क्या हाइपोथायरॉइडिज्म भी पीरियड्स को अनियमित कर सकता है?


एनसीबीआई के अनुसार हाइपोथायरॉइडिज्म में थायरॉइड हार्मोन की कमी मासिक धर्म के चक्र को प्रभावित कर सकती है। कुछ महिलाओं में पीरियड्स देर से आते हैं, चक्र अनियमित हो जाता है या ब्लीडिंग सामान्य से अधिक हो सकती है। गंभीर या लंबे समय तक अनियंत्रित थायरॉइड की समस्या ओव्यूलेशन को भी प्रभावित कर सकती है।

पीएमओएस में भी पीरियड्स के अनियमित होने का प्रमुख कारण ओव्यूलेशन का नियमित रूप से न होना हो सकता है। ऐसे में यदि किसी महिला को पहले से पीएमओएस है और उसके पीरियड्स में बदलाव आने लगते हैं, तो हर बदलाव को पीएमओएस का ही असर मानना सही नहीं होगा। थायरॉइड की गड़बड़ी भी इसकी वजह हो सकती है।

डॉक्टर जरूरत के अनुसार टीएचएस और फ्री टी4 जैसे ब्लड टेस्ट की सलाह दे सकते हैं। टीएसएच टेस्ट थायरॉइड को नियंत्रित करने वाले हार्मोन का स्तर मापता है, जबकि फ्री टी4 से थायरॉइड हार्मोन की स्थिति समझने में मदद मिलती है। जांच के नतीजों को लक्षणों और मेडिकल हिस्ट्री के साथ देखकर ही निदान किया जाता है।

क्या थायरॉइड और पीएमओएस दोनों होने से ओव्यूलेशन और फर्टिलिटी प्रभावित हो सकते हैं?


एनसीबीआई के अनुसार थायरॉइड और पीएमओएस दोनों स्थितियां प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि महिला गर्भधारण नहीं कर सकती।

पीएमओएस में ओव्यूलेशन से एग्स का निकलना नियमित रूप से नहीं हो सकता। यदि ओव्यूलेशन कम होता है या लंबे समय तक नहीं होता, तो गर्भधारण की संभावना प्रभावित हो सकती है। पीएमओएस को ओव्यूलेशन से जुड़ी फर्टिलिटी की समस्याओं के प्रमुख कारणों में गिना जाता है।

दूसरी ओर, अनियंत्रित हाइपोथायरॉइडिज्म भी पीरियड्स और ओव्यूलेशन को प्रभावित कर सकता है। गर्भधारण की योजना बनाते समय थायरॉइड की स्थिति का मूल्यांकन और जरूरत पड़ने पर उसका इलाज महत्वपूर्ण होता है। पीएमओएस और थायरॉइड की समस्या दोनों होने पर डॉक्टर यह समझने की कोशिश करते हैं कि ओव्यूलेशन में परेशानी किस हद तक किस स्थिति से जुड़ी है।

थायरॉइड और पीएमओएस एक साथ होने पर पीरियड्स अनियमित होने, वजन बढ़ने, थकान और बाल झड़ने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। दोनों स्थितियां ओव्यूलेशन और प्रजनन स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती हैं, लेकिन सही जांच और उपचार से इन्हें मैनेज किया जा सकता है। अगर आपको ऐसे लक्षण लगातार महसूस हो रहे हैं, तो केवल लक्षणों के आधार पर स्वयं निदान न करें। डॉक्टर से सलाह लेकर जरूरी जांच कराएं, ताकि थायरॉइड की गड़बड़ी, पीएमओएस या किसी अन्य कारण की सही पहचान हो सके।