युजवेंद्र चहल Gen Z ट्रेंड में शामिल हुए, काउंटी चैंपियनशिप में कॉपी किया मेधावी बिधूड़ी का सेलिब्रेशन
Updated on
24-08-2026 01:18 PM
नई दिल्ली: भारतीय टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल काउंटी क्रिकेट में खेल रहे हैं। वह नॉर्थम्पटनशायर की टीम का हिस्सा हैं। लंकाशायर के खिलाफ मुकाबले में विकेट लेने के बाद चहल ने खास सेलिब्रेशन किया। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेलते हुए चहल ने लंकाशायर के बल्लेबाज जो मूरस को बोल्ड किया। इसके बाद उन्होंने वायरल 6-7 सेलिब्रेशन किया।मेधावी बिधूड़ी ने वायरल किया सेलिब्रेशन
युजवेंद्र चहल ने खुद अपना वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने इसके साथ ही मेधावी बिधूड़ी का भी वीडियो कोलाज किया है। महिला दिल्ली प्रीमियर लीग में मेधावी बिधूड़ी इस सेलिब्रेशन की वजह से चर्चा में हैं। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं। दिल्ली की लेग स्पिनर मेधावी बिधूड़ी ने 20 अगस्त को सेंट्रल दिल्ली क्वींस के लिए खेलते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की बल्लेबाज निशिका सिंह का विकेट लेने के बाद यह सेलिब्रेशन किया था।कैसमिरो ने प्रीमियर लीग में किया था
इस सेलिब्रेशन के पीछे भी एक दिलचस्प कहानी है। 20 साल की मेधावी पहले जर्सी नंबर 12 चाहती थीं, लेकिन वह नंबर पहले से किसी और खिलाड़ी के पास था। इसके बाद उनकी छोटी बहन ने उन्हें जर्सी नंबर 67 लेने की सलाह दी। तभी से उन्होंने '6-7' को अपना खास सेलिब्रेशन बना लिया। मैनचेस्टर यूनाइटेड में खेलने के दौरान ब्राजीन के कैसमिरो ने प्रीमियर लीग में अपने बेटे के कहने पर यह सेलिब्रेशन किया था। तब यह पहली बार दुनिया भर में वायरल हो गया था।
इंग्लैंड में चहल कमाल कर रहे
वनडे कप के बाद युजवेंद्र चहल काउंटी क्रिकेट में भी नॉर्थम्पटनशायर के लिए खेल रहे हैं। वनडे कप में उनका प्रदर्शन दमदार था। 7 मैचों में चहल ने 15 बल्लेबाजों को आउट किया था। उनकी इकोनॉमी 4.56 की थी। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में 7वें नंबर पर थे। पेस को मदद मिलने वाली पिच पर लंकाशायर के खिलाफ चहल ने तीन विकेट लिए और उनकी टीम को 316 रनों से जीत मिली।