नई दिल्ली: इस बार त्योहारी सीजन में मोबाइल फोन की कमजोर बिक्री ने ई-कॉमर्स कंपनियों की उम्मीदों को झटका दिया। मार्केट रिसर्च फर्म डेटम इंटेलिजेस के मुताबिक महीने भर चली फेस्टिव सेल में ऑनलाइन कंपनियों की कुल बिक्री 1.4 लाख करोड़ रुपये रही। इकनॉमिक टाइम्स के मुताबिक यह पिछले साल के मुकाबले 17% ज्यादा है लेकिन 1.5 लाख करोड़ के अनुमान से कम है। फेस्टिव सेल में मोबाइल की हिस्सेदारी घटकर 25% रह गई, जो 2024 में 38% और 2025 में 35% थी।

नवरात्र सेल में ऑनलाइन स्मार्टफोन की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 16% घटी। हालांकि, एमेजॉन ने अपने प्लैटफॉर्म पर प्रीमियम एंड्रॉयड स्मार्टफोन की बिक्री में 50% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की। फेस्टिव सेल्स वॉल्यूम में अमूमन इलेक्ट्रॉनिक्स का हिस्सा आधे से अधिक रहता है लेकिन ऊंची कीमत के कारण इस साल सेल्स प्रभावित हुई है। मोबाइल फोन के बाद सेल्स में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी लाइफस्टाइल की 15 से 16 फीसदी रही।
ऑफलाइन बिक्री में भी गिरावट

इस बीच दिवाली सीजन में ऑफलाइन भी स्मार्टफोन सेल्स की बिक्री में 18 से 20 फीसदी गिरावट आई है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन ने यह दावा किया है। Counterpoint Research ने नवरात्रि और दशहरे के दौरान स्मार्टफोन की बिक्री में 20 फीसदी गिरावट का अनुमान जताया था। दिवाली के बाद दो भारतीय स्मार्टफोन कंपनियों ने कीमत में 3,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है।

Ai+ के दो मॉडल की कीमत 10,000 रुपये से ज्यादा हो चुकी है जबकि लावा ने 15 नवंबर से कीमतें बढ़ाने की घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने मेमोरी की कीमत में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए कीमतों में इजाफा किया है। एंट्री-लेवल मार्केट में तेजी से गिरावट आई है। काउंटरपॉइंटके मुताबिक साल की पहली छमाही में 10,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 65 फीसदी गिरावट आई है।
एंट्री-लेवल सेगमेंट पर असर

अप्रैल-जून के मुताबिक इस सेगमेंट का कुल शिपमेंट महज 4 फीसदी रह गया जो पिछले साल जुलाई-सितंबर में 18 फीसदी था। सितंबर तिमाही में महंगे स्मार्टफोन में भी इसका असर देखने को मिला। 20,000 रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन का शिपमेंट पिछले साल के मुकाबले 47 फीसदी गिर गया जबकि ओवरऑल मार्केट में 20 फीसदी गिरावट आई है।