मध्य प्रदेश में दीपावली की रात 3 परिवारों के लिए मातम लेकर आई। कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में मकानों में लगी आग में जलने से 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं, 4 पुरुष और 4 बच्चे हैं।
बरही में तीन मंजिला मकान में लगी आग से एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें 2 महीने का मासूम, दो बच्चियां, उनकी मां और दादा-दादी शामिल हैं।
सिवनी में सराफा व्यापारी के मकान में आग लगने से 6 लोगों की जान चली गई। दोनों जगह कुछ लोग किसी तरह बाहर निकलकर बचने में कामयाब रहे। दोनों जगहों पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, उज्जैन में दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। इस दौरान 107 साल के बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई। सरकार अग्निकांड में जान गंवाने वालों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी।
सिवनी: मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे
सिवनी जिले के छपारा में दीपावली की रात एक सराफा व्यापारी के मकान में आग लग गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं।
घटना के समय मकान में परिवार के कुल 10 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 4 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 6 की जान चली गई।
फायर ब्रिगेड के आने तक फैल चुकी थी आग
आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। सिवनी एसपी कृष्ण लाल चंदानी के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। मौके पर बिजली के तार बुरी तरह जले हुए मिले हैं। जांच पूरी होने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कटनी: तीन मंजिला मकान में फैली आग
कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तीन मंजिला इमारत में फैल गई। हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम और परिवार के तीन बच्चे शामिल हैं। इनमें 14 साल की आर्या, 6 साल की अन्वी और दो महीने का मासूम शामिल है।
दमकल की फटी पाइप ने बढ़ाई परेशानी
रात करीब 12 बजे आग लगने के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन करीब एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा, उसकी पाइप में भी खराबी बताई गई। इससे आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई और राहत कार्य में देरी हुई।
बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक रेस्क्यू ऑपरेशन चला। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर बचाव अभियान चलाया गया। इस दौरान बरही के स्थानीय युवाओं ने भी मोर्चा संभाला और राहत कार्य में मदद की।
दो लोग किसी तरह बचकर निकले
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे। परिवार के बाकी सदस्य इमारत में फंसे रह गए।
ज्वलनशील सामान के कारण तेजी से फैली आग
सूचना मिलने पर बरही, विजयराघवगढ़, कैमोर और कटनी नगर निगम की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों और युवाओं ने भी आग बुझाने में मदद की।
मकान के निचले हिस्से में ग्रोसरी और प्लास्टिक का ज्वलनशील सामान रखा होने से आग तेजी से फैल गई। इस वजह से आग पर काबू पाने में परेशानी हुई।
मां की गोद में लिपटा था दो महीने का मासूम
हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो महीने के मासूम की मौत रही। वह अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में था। मां की गोद में लिपटे मासूम को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।
वहीं, चंद्रकला और परिवार की दोनों बच्चियां भी इमारत के दूसरे हिस्से में फंसी थीं। सुबह रेस्क्यू के दौरान उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
अफसरों के सामने ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने नाराजगी जताई।
उनका आरोप है कि अगर प्रशासन और दमकल की गाड़ियां समय पर सक्रिय हो जातीं, तो कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। इधर, बरही शासकीय अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए तीन डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।
कलेक्टर बोले- यह अपूरणीय क्षति है, मैं माफी मांगता हूं
मौके पर पहुंचे कलेक्टर आशीष तिवारी के सामने स्थानीय लोगों ने जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कर्मचारी गंभीरता से काम नहीं करते। लोगों ने दमकल कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अस्पताल की खराब व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई।
इस पर कलेक्टर ने कहा, "यह एक अपूरणीय क्षति है और मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मौके पर चार-चार फायर ब्रिगेड होने के बावजूद हम 6 जिंदगियां नहीं बचा सके।"
उन्होंने भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि सभी फायरमैन को बेहतर प्रशिक्षण के लिए नागपुर के फायर इंस्टीट्यूट भेजा जाएगा।
मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए देगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कटनी के बरही और सिवनी के छपारा में हुए अग्निकांड पर दुख जताया है। उन्होंने दोनों हादसों में जान गंवाने वालों के परिजन को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि दीपावली पर दो परिवारों के कई सदस्यों की मौत की खबर बेहद दुखद है।
उज्जैन: दुकानों में आग लगी, मकान में फंसे 10 लोग
उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र में दीपावली की रात दो मंजिला मकान के नीचे बनी दो दुकानों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग और धुआं ऊपर बने मकान तक पहुंच गया। उस समय मकान में विश्वकर्मा परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। सभी आग और धुएं के बीच फंस गए।
व्यापारियों, स्थानीय लोगों, पुलिस और नगर निगम की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान 107 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई।
परिवार के कमलेश ने बताया कि सभी ने दीपावली का पूजन किया था। इसके बाद बच्चे पटाखे फोड़ने के लिए नीचे जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी मकान में धुआं भर गया और परिवार के सदस्य उसकी चपेट में आ गए।