कटनी जिले की बड़वारा तहसील के पराईकांप गांव में रविवार को खनिज विभाग ने अवैध मुरूम उत्खनन पर कार्रवाई की। टीम ने मौके से एक पोकलेन मशीन जब्त की, जिसका इस्तेमाल अवैध खुदाई के लिए हो रहा था।

विभाग को पराईकांप में अवैध उत्खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना पर टीम ने अचानक निरीक्षण किया।

निरीक्षण में टीम ने देखा कि कृषि भूमि पर भारी मात्रा में मुरूम की खुदाई हुई थी, जिससे एक बड़ा गड्ढा बन गया था। मौके पर एक जेसीबी कंपनी की पोकलेन मशीन खड़ी मिली।


कार्रवाई के समय कोई चालक या व्यक्ति नहीं था। टीम के आने की भनक लगते ही संचालक फरार हो गए। खनिज विभाग ने लावारिस खड़ी पोकलेन मशीन को तुरंत कब्जे में ले लिया।

जब्त मशीन को रेमंड प्लांट परिसर में खड़ा कराया गया है। विभाग ने नियमों के तहत प्रकरण दर्ज किया। मशीन मालिक और भूमि स्वामी की पहचान की जा रही है। कार्रवाई में उपसंचालक रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा, कमलकांत परस्ते और खनिज निरीक्षक प्रज्ञा शामिल थे।