कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात हुए अग्निकांड में छह लोगों की मौत के बाद कांग्रेस के छह पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। पार्षदों ने 11 नवंबर को कटनी कलेक्टर को पत्र सौंपकर अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पार्षदों ने पत्र में कहा कि जांच में जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही सामने आए, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने नगर परिषद की आपातकालीन तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और कर्मचारियों की तत्परता पर भी सवाल उठाए हैं।
जनता के प्रति नैतिक जिम्मेदारी बताते हुए दिया इस्तीफा
पार्षदों ने पत्र में उल्लेख किया कि 8 नवंबर की रात बरही में आग लगने से छह लोगों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र की जनता के प्रति नैतिक जिम्मेदारी और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वे सामूहिक रूप से इस्तीफा दे रहे हैं।
सामूहिक इस्तीफा देने वालों में प्रज्ञा अजय वर्मा (सरदार वल्लभभाई वार्ड क्रमांक 1), शिवकुमारी राजेश वंशकार (चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 4), नैंसी अमित गुप्ता (वार्ड क्रमांक 5), अंजू कोल (महात्मा गांधी वार्ड क्रमांक 9), गोवर्धन बढ़ई (मौलाना आजाद वार्ड क्रमांक 10) और पूजा राधेश्याम ताम्रकार (वार्ड क्रमांक 11) शामिल हैं।
जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
अग्निकांड में छह लोगों की मौत और इसके बाद कांग्रेस पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे से बरही की स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पीड़ित अग्रवाल परिवार को न्याय दिलाने और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
फिलहाल, प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि अग्निकांड के दौरान बचाव कार्यों में किस स्तर पर चूक हुई थी और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।