Zomato के फाउंडर दीपेंद्र गोयल के नए हेल्थ-वियरेबल गैजेट ‘टेंपल’ को लगातार आलोचनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर डॉक्टर्स समेत कई लोगों ने टेंपल पर सवाल उठाए हैं। दीपेंदर लगातार आलोचकों के सवालों का जवाब दे रहे हैं। यह सब तब हो रहा है, जब टेंपल के प्री-ऑर्डर शुरू हुए हैं। यह गैजेट बहुत सीमित लोगों के पास है और ज्यादातर ने इसे परखकर नहीं देखा। अब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने दीपेंदर गोयल का समर्थन किया है। एक एक्स पोस्ट में रणवीर (BeerBiceps) ने कहा कि भारतीय होने के नाते हमें उनका साथ देना चाहिए। वह बड़े सपने देख रहे हैं और कुछ नया करने की कोशिश कर रहे हैं।
रणवीर अल्लाहबादिया का X पोस्ट
X पर वीडियो शेयर करते हुए रणवीर ने कहा- जोमैटो फाउंडर दीपिंदर गोयल को बहुत ज्यादा आलोचना मिल रही है, क्योंकि वह कुछ सार्थक करने की कोशिश कर रहे हैं। टेंपल के जरिए ग्लोबल मंच पर कुछ करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अपने शुरुआती 18 साल जोमैटो को स्थापित करने में बिताए और अब अपने मकसद के पीछे भाग रहे हैं।
रणवीर ने कहा कि जो आलोचना दीपेंद्र को ट्विटर पर मिल रही है, वह यह है कि टेंपल एक अनसाइंटिफिक डिवाइस है। लेकिन सच तो यह है कि हमारे पास टेंपल के बारे में पर्याप्त जानकारी ही नहीं है। रणवीर का कहना है कि अफवाहें हैं कि टेंपल एक महंगा गैजेट है। इससे एंट्रॉपी को मापा जाएगा। दिमाग का ब्लड फ्लो मापा जाएगा। यह असल में क्या है, किसी को नहीं पता। रणवीर ने कहा कि हार्वर्ड के वैज्ञानिक, बोस्टन विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक इनके सलाहकार बोर्ड में हैं। दीपेंद्र ने अपनी जेब से 20 मिलियन डॉलर (लगभग 165 करोड़ रुपये) टेंपल के डेवलपमेंट लगाए हैं।
सच तो यह है कि हमारे पास टेंपल के बारे में पर्याप्त जानकारी ही नहीं है। - रणवीर
'भारतीय होने के नाते हमें देना चाहिए साथ'
रणवीर ने लिखा कि मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि हमारे देश का एक उद्यमी एक हार्डवेयर बनाने का प्रयास कर रहा है। इसमें ऐसी भी सुविधाएं हैं जहां यह आपसे बात कर सकता है, लेकिन आपकी बात नहीं सुनेगा। मुझे लगता है कि यह आपका एक पर्सनल असिस्टेंट है। टेंपल की शुरुआत भारत के स्टार्टअप जगत के लिए बहुत खास और जरूरी है। भारत का नागरिक होने के नाते हमें अपने देश के एंत्रप्रेन्योर का साथ देना चाहिए जो बड़े सपने देख रहा है और कुछ नया करने की कोशिश कर रहा है।
प्री-ऑर्डर्स शुरू होने के बाद निशाने पर टेंपल
टेंपल को सोशल मीडिया पर लगातार आलोचनाएं मिल रही हैं। X पर कई डॉक्टरों ने इस पर सवाल उठाया है। कुछ डॉक्टर तो इसे स्कैम बता रहे हैं। टेंपल के प्री-ऑर्डर्स शुरू होने के बाद अचानक से इसकी आलोचनाएं शुरू हो गई हैं। खास यह है कि डिवाइस अभी तक लोगों के पास पहुंची भी नहीं हैं। कंपनी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह प्री-ऑर्डर के लगभग तीन महीनों बाद डिलिवरी शुरू करेगी।
इससे पहले दीपेंदर गोयल ने एक X पोस्ट में लिखा कि Temple को केवल भारत के लिए नहीं बनाया गया है। यह पूरी दुनिया के लिए है। हमें उम्मीद है कि भारत में टेंपल की कुल बिक्री 1 फीसदी से भी कम रहेगी। अगर आप इसकी अधिक कीमत को लेकर परेशान हैं, तो मुझे खेद है। टेंपल को बनाने में बहुत मेहनत लगी है और हमने इसकी कीमत इसके मूल्य के हिसाब से तय की है। आपको लगता है कि यह बहुत महंगा है, तो आप अन्य यूजर्स के रिव्यू का इंतजार कर सकते हैं और फिर तय कर सकते हैं कि यह आपके पैसे के लायक है या नहीं।
कृपया हमें सिर्फ इसलिए सपोर्ट ना करें कि हम एक भारतीय स्टार्टअप हैं। हम ग्लोबल स्तर पर कंपीट करना चाहते हैं। हमें किसी राष्ट्रवादी समर्थन की आवश्यकता नहीं है। - दीपेंदर गोयल