• गौरव खरे •
•आयोजन को लेकर योगेश रिछारिया ने की पत्रकार वार्ता
निवाड़ी। जिले की ग्राम पंचायत उरदौरा में आगामी 30 अक्टूबर को भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता का भव्य संगम देखने को मिलेगा। निवाड़ी मंडी के पूर्व अध्यक्ष एवं किसानों के हितैषी स्वर्गीय दादा श्याम लाल रिछारिया जी एवं दादी जी की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला भव्य मानस सम्मेलन एवं विशाल संगीतमय भजन संध्या इस वर्ष भी धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ आयोजित की जाएगी। आयोजन की तैयारियों एवं कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर सर्किट हाउस में आयोजक योगेश रिछारिया द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
आयोजक योगेश रिछारिया ने बताया कि उनके परिवार में प्रारंभ से ही धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण रहा है। परिवार में 18 पुराणों का वाचन तथा प्रत्येक शनिवार को सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या की परंपरा निरंतर चली आ रही है। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाने और अपने पूज्य दादा-दादी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया जाता है। स्वर्गीय श्याम लाल रिछारिया जी ने निवाड़ी मंडी के अध्यक्ष के रूप में लगभग 10 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं और किसानों के हितों के लिए सदैव समर्पित रहे।
अयोध्या के राजू दास जी महाराज सहित संतों का मिलेगा सानिध्य
इस भव्य मानस सम्मेलन में हनुमानगढ़ी अयोध्या के पूज्य राजू दास जी महाराज सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित संत-महात्मा एवं भागवताचार्य शामिल होंगे। इनमें श्री गंगा दास जी महाराज, श्री दीनबंधु दास जी महाराज, अनिरुद्ध दास जी (ओरछा सुरभि गौशाला), राधेश्याम दास जी महाराज, बहन भक्ति प्रभा जी, रामजीवन पास्तोर जी, महंत गुरु प्रसाद जी, पं. नितिन शर्मा जी (ग्वालियर), पूज्य रमाकांत व्यास जी सहित अनेक धर्माचार्यों का सानिध्य प्राप्त होगा। पं. नितिन शर्मा द्वारा सुंदरकांड का विशेष वाचन भी किया जाएगा।
भजन संध्या में देशभर के कलाकार बांधेंगे समां
मानस सम्मेलन के पश्चात रात्रिकालीन विशाल भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें देश एवं प्रदेश के ख्यातिप्राप्त भजन गायक और संगीत कलाकार अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। कार्यक्रम में गंगेले ब्रदर्स (भोपाल), अंकित पांडेय एवं रविन्द्र वासुदेव (श्याम नगीना फेम, दमोह), मुकुल द्विवेदी, धन्वंतरि दास जी महाराज, गोविंदा शर्मा जी एवं नवीन हाड़ा (श्रीधाम वृंदावन), पवन तिवारी एवं निलेश तिवारी (विदिशा/भोपाल), चन्द्रभूषण पाठक (विर्धा, ललितपुर), जयप्रकाश पटेरिया, खनिज देव चौहान एवं कविता शर्मा (छतरपुर), कैलाश महरौलिया (टहरौली), अरविंद सिंह एवं ऋषि विश्वकर्मा (सागर), सीतू सिंह (जालौन), राधेश्याम नगर (शिवपुरी) एवं अमित ध्रुवे (कटनी) अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
धर्मप्रेमियों से आयोजन में शामिल होने की अपील
आयोजक योगेश रिछारिया एवं रिछारिया परिवार तथा ग्राम उरदौरा के नागरिकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता, किसान भाइयों एवं क्षेत्रवासियों से 30 अक्टूबर को आयोजित इस भव्य धार्मिक समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं मानस सम्मेलन और भजन संध्या का धर्मलाभ उठाने की अपील की है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।