केंद्र सरकार ने लंबे समय से दिल्ली में तैनात 4 आईएएस अफसरों को वापिस राजस्थान भेजने की मांग ठुकरा दी है। राज्य सरकार के कार्मिक विभाग ने इसके लिए इस साल दो बार लेटर लिख थे।

केंद्र सरकार ने दोनों बार इनकार कर दिया। वहीं, सरकार का कहना था कि राजस्थान में 'गुड गवर्नेंस' के लिए अनुभवी IAS अफसरों की जरूरत है।

इनमें राजीव सिंह ठाकुर और रोली सिंह जैसे नाम शामिल हैं, जिन्हें राजस्थान से गए 6 से 9 साल हो गए हैं। आखिर क्यों केंद्र सरकार इन अफसरों को रिलीव नहीं कर रही?

राजस्थान में कौनसे विभागों में इन अफसरों की कमी महसूस हो रही है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट....

राजस्थान सरकार ने इनकी डिमांड क्यों की?

राज्य सरकार दिसंबर में 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। सीएम भजनलाल चाहते हैं कि बजट घोषणाएं समय से पूरी हों। इसमें सीनियर आईएएस अफसरों का अनुभव काम आ सकता है।

राजीव सिंह ठाकुर: राजस्थान में 5 जिलों कलेक्टर रहे हैं। उनकी समझ और योग्यता शानदार है। सरकार चाहती है कि उनके अनुभव का लाभ लिया जाए

रजत कुमार मिश्र: गहलोत सरकार के दूसरे कार्यकाल में बजट को तैयार करने के मुख्य शिल्पकार थे। समझ और योग्यता वित्त विभाग के लिए शानदार है। राजस्थान में वित्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। लंबा प्रशासनिक अनुभव है।

रोली सिंह कार्मिक विभाग की सचिव रहते हुए कर्मचारियों के लिए सेवा नियम बनाए। आरपीएससी सचिव रहते हुए समय पर भर्ती परीक्षाओं का आयोजन कराया।

नरेशपाल गंगवार राजस्थान के 4 जिलों के कलेक्टर रहे। ऊर्जा विभाग के प्रमुख शासन सचिव रहते हुए प्रदेश को बिजली उत्पादन में अग्रणी राज्यों में शामिल कराने में योगदान।


क्या केवल इन्हीं 4 अफसरों की वापसी की मांग थी?

नहीं। दरअसल, राज्य सरकार ने 5 वर्ष से ज्यादा सेंट्रल डेपुटेशन पर तैनात अफसरों को मूल कैडर में लौटाने का अनुरोध किया था। ऐसे में ये 4 अफसर ही दायरे में आ रहे हैं।

हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है कि केंद्र ने राज्य की इस तरह की मांग ठुकराई है। गहलोत सरकार ने भी लंबे समय सेंट्रल डेपुटेशन पर तैनात राजस्थान कैडर के आईएएसस अफसर मांगे थे। लेकिन अनुरोध ठुकरा दिया था।

जैसे- वर्तमान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करीब 17 साल तक दिल्ली में रहे हैं। गहलोत सरकार ने इनकी वापस की मांगी थी, लेकिन केंद्र ने नहीं भेजा था।


अभी ये आईएएस राजस्थान से बाहर

प्रदेश में मुख्य सचिव सहित 39 वरिष्ठ आईएएस अफसर ऐसे हैं, जो एक साथ कई विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, राजस्थान के 19 आईएएस अधिकारी फिलहाल राज्य से बाहर सेवाएं दे रहे हैं।

इनमें सुधांश पंत, रजत कुमार मिश्र, नरेश पाल गंगवार, रोली सिंह, मुग्धा सिन्हा, देबाशीष पृष्टि, कृष्णकांत पाठक, आशुतोष एटी पेडणेकर, प्रीतम बी. यशवंत, भानु प्रकाश एटूरू, बिष्णु चरण मल्लिक, मुक्तानंद अग्रवाल, प्रकाश राजपुरोहित, इंद्रजीत सिंह, नेहा गिरी, अभिमन्यु कुमार, भगवती प्रसाद कलाल, आशीष गुप्ता, अंशदीप।