Krafton India ने BGMI Air की लॉन्च डेट बता दी है। यह क्रॉफ्टन इंडिया के लोकप्रिय मोबाइल गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) का एक लाइट वर्जन है। गेम 10 दिसंबर, 2026 को आधिकारिक तौर पर भारत में लॉन्च किया जाएगा। लॉन्च डेट आने से पहले ही गूगल प्ले पर इस गेम के लिए 14 मिलियन से ज्यादा प्री-रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। इस मोबाइल गेम को लॉ-एंड मोबाइल पर भी खेला जा सकेगा। अभी गेम की अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। रिवॉर्ड से संबंधित जानकारियां आगे आने वाले समय में आ सकती है।

एंट्री-लेवल स्मार्टफोन के लिए गेम

BGMI Air का साइज लगभग 1GB है। इसे उन यूजर्स को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिनके पास एंट्री-लेवल हार्डवेयर या सीमित स्टोरेज है। इसका मकसद बैटल रॉयल गेमप्ले को ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है। यह एक अलग ऐप के तौर पर काम करेगा, लेकिन मौजूदा BGMI प्लेयर्स को अपना अकाउंट माइग्रेट किए बिना ही इस गेम को खेलने का मौका मिलेगा।
लॉन्च से पहले हो रही टेस्टिंग

इसे पब्लिक के लिए जारी करने से पहले कंपनी 20 नवंबर से 24 नवंबर, 2026 तक एक क्लोज्ड बीटा टेस्ट का आयोजन करेगी। दिसंबर में होने वाले लॉन्च से पहले प्लेयर्स से फीडबैक लेने और गेम की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने के लिए मुंबई, दिल्ली और कोलकाता जैसे चुनिंदा शहरों में यह टेस्टिंग की जाएगी।

आप ऐसे टेस्टिंग में हो सकते हैं शामिल

क्लोज्ड बीटा टेस्टिंग में शामिल होने के लिए, यूजर्स को एक छोटा वीडियो पोस्ट करना होगा, जिसमें वे बताएं कि उन्हें क्यों चुना जाना चाहिए। साथ ही, उन्हें गेम के ऑफिशियल हैंडल को टैग करना होगा और ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट @battlegroundsmobilein_official पर दिए गए एप्लिकेशन फॉर्म को भरना होगा।10 दिसंबर से पहले, प्री-लॉन्च इवेंट्स और उनसे जुड़े रिवॉर्ड्स के बारे में अधिक जानकारी आधिकारिक कम्युनिटी चैनलों पर जारी की जाएगी।
Free Fire India को मिलेगी कड़ी टक्कर

BGMI Air का यह नया लाइट वर्जन भारत में फ्री फायर इंडिया (Free Fire India) को भी कड़ी टक्कर दे सकता है। लो-एंड और एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स के लिए फ्री फायर हमेशा से ही पहली पसंद रहा है। ऐसे में 1GB साइज वाला यह गेम उन गेमर्स को आकर्षित करेगा, जो कम स्टोरेज और कम रैम वाले फोन्स पर बिना लैग के बैटल रॉयल गेम खेलना चाहते हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि 10 दिसंबर 2026 के लॉन्च के बाद क्या BGMI Air फ्री फायर के यूजर्स को अपनी तरफ खींच पाएगा या नहीं।