जबलपुर के सिहोरा में शनिवार रात करीब 9:30 बजे 3 लोगों ने एक युवक की हत्या कर दी। आरोपियों ने बहन को भगाकर ले जाने वाले युवक के छोटे भाई को श्मशान घाट के पास बुलाकर चाकू से 3-4 वार किए। युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया। वारदात नुंजा कॉलोनी के श्मशान घाट की है।
मझगवां पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान नुंजा कॉलोनी निवासी गणेश वंशकार (21) के रूप में की गई है। मृतक के बड़े भाई गोलू वंशकार ने साहिल चौधरी और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि- मेरे भाई को बुलाकर मार डाला।
साहिल ने बुलाया था, पहले से मौजूद थे 2-3 साथी
मृतक के बड़े भाई गोलू वंशकार के मुताबिक, साहिल चौधरी ने गणेश को बातचीत के लिए श्मशानघाट के पास बुलाया था। गणेश वहां पहुंचा तो साहिल के 2-3 साथी पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान साहिल ने गणेश को गालियां दीं।
गोलू के मुताबिक, गणेश ने गाली देने का विरोध किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया। साहिल के साथियों ने गणेश को पकड़ लिया। इसी दौरान साहिल ने चाकू निकालकर गणेश की पीठ और जांघ पर 3-4 वार कर दिए।
1 से 2 इंच तक गहरे घाव हो गए
चाकू से हमले में गणेश के शरीर पर करीब 1 से 2 इंच तक गहरे घाव हो गए। पीठ और जांघ में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ज्यादा खून बहने से घटनास्थल पर खून फैल गया। हमले के बाद साहिल और उसके साथी मौके से भाग गए।
गणेश गंभीर हालत में वहीं पड़ा रहा। चाकू के वार से हुए गहरे घाव और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
श्मशान घाट के पास भाई को पड़ा देखा
मृतक गणेश का मंझला भाई गोलू वंशकार घर से श्मशान घाट की ओर जा रहा था। उसने देखा कि श्मशान घाट के पास कोई व्यक्ति पड़ा है। पास जाकर देखा तो गणेश रक्तरंजित हालत में पड़ा था। गोलू ने ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल मझगवां थाना पुलिस को सूचना दी।
एक साल पुराने विवाद से जुड़ी हो सकती है हत्या
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गणेश के बड़े भाई जितेंद्र करीब एक साल पहले चौधरी समाज की एक लड़की को भगाकर ले गया था। वह लड़की साहिल चौधरी की बहन थी। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
ग्रामीणों का आरोप- सूचना के दो घंटे बाद पहुंची मझगवां पुलिस
घटना के बाद ग्रामीणों ने मझगवां पुलिस पर मौके पर पहुंचने में देरी का आरोप लगाया। ग्रामीणों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिलने के करीब 2 घंटे बाद मझगवां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। इससे पहले सिहोरा पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया, आरोपियों की तलाश जारी
मझगवां थाना प्रभारी शंकर सिंह ने बताया कि- श्मशान घाट के पास खून से सनी लाश मिली थी। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया- मृतक के परिवार ने कॉलोनी के ही लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ हत्या की वजह और पुराने विवाद से इसके संबंध की भी जांच कर रही है।
दमोह जिले के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। आरोपी द्वारका पटेल ने पत्नी खेमाबाई (27), बेटी उर्मिला (7), बेटे उमेश (4) और राजा (1) पर हमला किया। चारों की मौके पर मौत हो गई। मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के मिरगौती गांव में शनिवार शाम एक महिला की हत्या का मामला सामने आया। महिला के पति राजेंद्र साकेत पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। गंभीर हालत में उसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।