भोपाल: मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के पूर्व विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) रहे दीपम रायचुरा को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने के कथित बयान को लेकर सुर्खियों में आए मोहित गोगिया के विरुद्ध मध्य प्रदेश आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने भोपाल की विशेष कोर्ट में चार्जशीट प्रस्तुत कर दी है। आरोपित पर भोपाल की एक डेयरी उत्पाद कंपनी के संचालक से बैंक लोन सेटल कराने के नाम पर 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
लोन सेटल कराने के नाम पर 10 करोड़ की ठगी का आरोप

जानकारी के अनुसार, मोहित गोगिया पर भोपाल में डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी ' गायत्री फूड प्रोडक्ट्स ' के संचालक किशन मोदी से बैंक का लोन सेटल कराने के बहाने 10 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है। बताया गया कि विश्वास जीतने के लिए आरोपित ने फर्जी चैट दिखाकर दावा किया था कि उसकी एसबीआई की जीएम कुंदन ज्योति से बातचीत हो रही है। हालांकि, ईओडब्ल्यू की जांच में संबंधित बैंक ने इस दावे को नकार दिया है।

अगस्त 2025 में दर्ज हुई थी FIR, आरोपित तिहाड़ जेल में बंद

किशन मोदी की शिकायत पर ईओडब्ल्यू ने अगस्त 2025 में मोहित गोगिया, उसकी पत्नी श्वेता गोगिया और 'एमजी लीजिंग एंड फाइनेंस' के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आईटी एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की थी।
रिकॉर्ड के मुताबिक, मोहित गोगिया के विरुद्ध दिल्ली, पंजाब और गोवा सहित कई राज्यों में ठगी के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पिछले वर्ष गिरफ्तार किया था और फिलहाल वह तिहाड़ जेल में बंद है।

कथित बयान और फर्जी ई-एफडीआर का संदर्भ

इस मामले से जुड़ा एक अन्य पहलू इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित गोगिया के कथित बयान से भी जुड़ा रहा है। उस कथित बयान में भोपाल में दो शराब दुकानें लेने के लिए एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने तथा दुकानों के लिए पौने तीन करोड़ रुपये की फर्जी ई-एफडीआर स्वीकार कराने में दीपम रायचुरा द्वारा सहयोग किए जाने की बात सामने आई थी। विवरण के अनुसार, विभागीय जांच में ई-एफडीआर के फर्जी होने की पुष्टि हो चुकी है।