बड़वानी: मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में पुत्रवधू से कथित अनैतिक संबंध होने के शक में एक व्यक्ति ने 32 वर्षीय युवक की प्राइवेट पार्ट में लात मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 48 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजपुर थाना प्रभारी माधव सिंह ठाकुर ने बताया कि आरोपी की पहचान कालाखेत गवां गांव निवासी सुंदर उर्फ सुंदरिया बड़ोले के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में बड़वानी केंद्रीय जेल भेज दिया गया।
1 सितंबर को हुई थी हत्या
पुलिस के अनुसार, एक सितंबर 2026 को राजपुर थाने में 32 वर्षीय प्रताप की मृत्यु की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। परिस्थितियां संदिग्ध होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदेह के आधार पर सुंदर से पूछताछ की गई।
आरोपी ने कबूल किया अपना जुर्म
शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने प्रताप की हत्या करना स्वीकार कर लिया। थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे अपनी पुत्रवधू और प्रताप के बीच कथित अनैतिक संबंध होने का शक था। इसी बात से नाराज होकर वह प्रताप को समझाने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले गया था। वहां दोनों के बीच विवाद हो गया।
लात मारकर की हत्या
इस दौरान आरोपी ने प्रताप के प्राइवेट पर जोरदार लात मार दी। गंभीर चोट के कारण प्रताप की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने वारदात छिपाने के लिए शव, मृतक के कपड़े और उसकी दोपहिया वाहन को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था। पुलिस ने जांच और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।