वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से अलवर और सीकर में आज सुबह से रुक-रुककर बरसात का दौर चला। जयपुर सहित कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और हवा चल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज 10 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। शनिवार को भी बीकानेर और जोधपुर संभाग के जिलों में बरसात हुई।
सबसे ज्यादा बारिश जैसलमेर के मोहनगढ़ में 5MM रिकॉर्ड हुई। वहीं, दिन के साथ रात में भी अब सर्दी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को सबसे कम तापमान भीलवाड़ा में 10 डिग्री के करीब रहा।
माउंटआबू में यहां से कम सर्दी थी। 16 नवंबर से राज्य में मौसम साफ रहने और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरने से सर्दी तेज होने का अनुमान है।
सीकर के श्रीमाधोपुर में बारिश
सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में रविवार की सुबह करीब 9 मौसम का मिजाज बदला और 5 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद 10 बजे तक रुक-रुककर रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। हालांकि सुबह 11 बजे मौसम साफ होने के साथ धूप निकल आई।
बारिश के कारण मरीजों को परेशानी
अलवर जिला हॉस्पिटल के बाहर मरीजों को बारिश के कारण परेशानी हुई। बेमौसम बरसात के कारण तापमान में भी गिरावट हुई है। इसी के साथ सर्दी का असर भी बढ़ गया है।
सीकर के कई इलाकों में बारिश
सीकर में पिछले कई दिनों से मौसम ड्राई रहने के बाद आज बड़ा बदलाव देखने को मिला। देर रात से ही आसमान में बादल छाए रहे।
आज सुबह सीकर में सांवलोदा पुरोहितान सहित कई इलाकों में बारिश हो रही है। सीकर शहर में भी आसमान में बादल छाए हुए हैं।
जयपुर में भी बरसात की संभावना, हवा में ठंडक
जयपुर में रविवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। हवा में भी ठंडक है। शनिवार दिनभर आसमान साफ और धूप रही। गर्मी कम रहने से धूप सुहावनी रही। जयपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
अलवर में बारिश से ठंड बढ़ी, उदयपुर में भी हल्की सर्दी
अलवर में रविवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। तापमान में भी दो डिग्री तक गिरावट हुई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री के करीब रहा। अब तापमान में गिरावट का दौर शुरू होने की संभावना है। आने वाले दिनों में सर्दी तेज हो सकती है।
उदयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम तापमान 13.1 दर्ज किया गया। वहीं, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 13.0 दर्ज किया गया था। दिन और रात के तापमान में 19 डिग्री का अंतर बना हुआ है।
जोधपुर में बारिश की संभावना, कोटा में दिन में गर्मी
जोधपुर में शनिवार को आंधी-बारिश की संभावना थी, लेकिन नहीं हुई। अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है आज भी बारिश का अलर्ट है।
कोटा में शनिवार को दिन के तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री से बढ़कर 34.2 सेल्सियस रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में 15.8 सेल्सियस रहा। शाम और सुबह के वक्त हल्की ठंड का असर बरकरार है। दिनभर मौसम सामान्य रहा।
अजमेर में सुबह-शाम ठंड, सीकर में बदला मौसम
अजमेर में शनिवार को मौसम में सर्दी का असर बना रहा। सुबह और शाम के समय ठंड महसूस हुई, जबकि दिन में धूप के कारण हल्की गर्माहट रही। शनिवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सीकर में शनिवार देर रात को मौसम में बदलाव आया। रविवार सुबह से जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो रही है। तापमान में भी दो-तीन डिग्री तक की गिरावट हुई है। वहीं, शनिवार को न्यूनतम तापमान 14.4 और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। सीकर में पिछले 24 घंटे के दौरान रात को भी सर्दी कम रही।