सहारनपुर में रविवार तड़के 4 बजे एक थार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। 2 घायल हैं। सभी पांच दोस्त दशहरे पर आगरा से मसूरी घूमने के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार का अगला हिस्सा बुरी तरह से पिचक गया।

हादसे में साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) की मौत हो गई। सचिन और हेमंत वर्मा गंभीर घायल हैं। दोनों चचेरे भाई हैं। सहारनपुर जिला अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास हुआ।

राहुल और सक्षम के पिता पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए। बेटे की लाश देखकर दोनों फूट-फूटकर रोए। साहिल घर का इकलौता लड़का था। पिता बीएसएफ में हैं और बेंगलुरू में उनकी पोस्टिंग हैं। साहिल अपनी मां और बहन के साथ दिल्ली में रहता था। उसकी लाश देखकर दोनों बेसुध हो गईं।

डिवाइडर से टकराकर कार पलटी, 2 लोग पुल से नीचे गिरे

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- रविवार तड़के 4 बजे थार गाड़ी स्पीड में बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी। अचानक जोर से धमाके की आवाज सुनाई पड़ी। जाकर देखा तो थार गाड़ी पलटी हुई थी। शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे हुए थे। गाड़ी के अगले हिस्से को देखकर लग रहा था कि कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर पलट गई।

थार में सवार दो युवक पुल के नीचे गिरे हुए थे। फौरन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोग पुल से नीचे उतरे और दोनों घायलों को उठाकर ऊपर लाए। एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया।


घायल दोस्त बोला- आंख खुली तो खुद को सड़क पर पाया

हादसे में घायल सचिन ने बताया- राहुल एक प्राइवेट हॉस्पिटल में कम्पाउंडर था। सक्षम सनफार्मा क्लासिक कंपनी का एरिया मैनेजर था। मैं नोएडा में नौकरी करता हूं। दशहरे की छुट्‌टी पर घर आया था। हम पांचों दोस्त शनिवार रात 9 बजे आगरा से निकले थे। कार मेरा चचेरा भाई हेमंत चला रहा था। मैं उसके बगल में बैठा था।

हादसे में मरने वाले तीनों दोस्त पीछे की सीट पर बैठे थे। हादसे के समय मैं सो रहा था। पता नहीं कार अचानक कैसे बेकाबू हुई और डिवाइडर से टकरा गई। जब मेरी आंख खुली तो खुद को सड़क पर पड़ा पाया। बाद में पता चला कि जीप का एक्सीडेंट हो गया। साहिल शांतिनगर, सक्षम गौतम कमला नगर और राहुल कुमार टेढ़ी बगिया का रहने वाला था।


राहुल के पिता रोते हुए बोले- मना किया था, फिर भी घूमने चला गया

राहुल के पिता गोपाल सिंह ने बताया- बेटा शनिवार दोपहर करीब 3 बजे गाड़ी लेकर घर से निकला था। रात 8 बजे फोन किया तो राहुल ने कहा कि वह अभी घर आ रहा है। थोड़ी देर बाद राहुल ने फोन कर बताया कि वह घूमने जा रहा है। मैंने घर आने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना।

सुबह करीब 5 बजे हम लोगों को हादसे की जानकारी मिली। कमला नगर में रहने वाले उनके भतीजे ने फोन कर बताया कि राहुल का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल 5 भाई-बहन थे। उसकी मौत की खबर मिलने से परिवार पूरी तरह टूट गया है।


सक्षम के पिता बोले- हमें लगा चोट लगी होगी

सक्षम के पिता राजेंद्र गौतम ने बताया कि सक्षम 2 बेटों में बड़ा था। शनिवार को ड्यूटी से घर लौटे तो उसने बताया कि उसे तीन दिन की छुट्टी मिली है और वह मसूरी जा रहा है। शाम करीब 7 बजे सक्षम अपने साथियों के साथ निकल गया।

सुबह पुलिस ने फोन कर बताया कि बेटा अस्पताल में भर्ती है। उन्हें लगा था कि बेटे को चोट लगी होगी और इलाज के बाद वह ठीक हो जाएगा, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसकी मौत की जानकारी मिली। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


साहिल के मौसा ने बताया- 2 दिन पहले ही आगरा आया था

साहिल के मौसा ब्रह्मानंद ने बताया कि साहिल का आगरा में मकान है। वह कभी कभार अपने मकान को देखने आता था। वह दो दिन पहले ही आगरा आया था। उसके पिता बीएसएफ में अधिकारी हैं।वर्तमान में बेंगलुरु में पोस्टेड हैं, जबकि साहिल अपनी बहन और मां के साथ दिल्ली में रहता था।

इंस्पेक्टर बोले- एयरबैग नहीं खुल सके

नागल थाना के इंस्पेक्टर राधेश्याम यादव ने बताया-

QuoteImage

थार का अगला हिस्सा पूरी तरह डैमेज हो गया। इस वजह से एयरबैग फट गए और खुल नहीं पाए। हालांकि, आगे की सीट पर बैठे दोनों लोगों ने सीटबेल्ट लगा रखी थी, इसलिए उनकी जान बच गई।


पुलिस बोलीं- हादसे के कारणों की कराएंगे जांच

एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया- थाना नागल क्षेत्र में थार गाड़ी के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। हालांकि, कार किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।


बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के बाहर खड़े 7 लोगों को कार ने रौंद दिया। इनमें 3 की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर घायल हैं। हादसा शनिवार रात 11 बजे उस वक्त हुआ, जब कुछ लोग पंडाल के बगल में लगे टेंट में प्रोजेक्टर के जरिए प्रोग्राम देख रहे थे।