भोपाल में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दशहरे को लेकर नगर निगम ने पहली बार गाइड लाइन जारी की है। इसमें घाट और रावण दहन स्थल पर सुरक्षा के खास इंतजाम करने को कहा गया है। ताकि, कोई हादसा न हो सके।

बता दें कि 8 अक्टूबर को न्यू मार्केट में भीषण अग्निकांड हुआ था। छोले भटूरे की दुकान में लगी आग ने आसपास की कई दुकानों को भी चपेट में ले लिया था। इससे करोड़ों का नुकसान हुआ था। इसके बाद नगर निगम ने गाइड लाइन जारी कर दुर्गा समिति और रावण दहन समितियों को निर्देश जारी किए हैं।


7 हजार से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा
शहर में कुल 7 हजार से अधिक प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, जो तीन दिन तक चलेगा। इसके लिए प्रशासन ने खटलापुरा, प्रेमपुरा, बैरागढ़, हथाईखेड़ा, शाहपुरा, आर्च ब्रिज, मालीखेड़ी, सीहोर नाका, अनंतपुरा, ईटखेड़ी और नरोन्हा सांकल समेत अन्य प्रमुख घाटों पर व्यवस्थाएं की हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटों पर बेरिकेडिंग की गई है और करीब 5 हजार अधिकारी-कर्मचारी सुरक्षा, सफाई और विसर्जन की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रत्येक घाट पर गोताखोर तैनात हैं और क्रेन, जेसीबी व लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है।