हाल ही में नवरात्रि के दौरान उत्तराखंड के टिहरी में आयोजित कुंजापुरी मेले में परफॉर्मेंस के बीच में मंच पर चढ़कर राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को फटकार लगाई। उन्होंने सिंगर पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया और उन्हें भरी पब्लिक के बीच काफी खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान दलेर मेहंदी कुछ बोलने की कोशिश करते रहे और हाथ जोड़ते दिखे लेकिन मंत्री उन्हें लगातार सुनाते ही रहे। जहां सिंगर के भाई मीका सिंह इस घटना के बाद सबसे पहले सामने आए और भाई को सपोर्ट किया वहीं अब धीरे-धीरे बहुत सारे कलाकार इस घटना पर रिएक्ट कर रहे हैं और अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। अब राजपाल यादव ने भी एक वीडियो शेयर कर दलेर मेहंदी को सपोर्ट किया है और मंत्री जी को काफी कुछ सुनाया भी है।

बता दें कि नवरात्रि के मौके पर इस शो में इन्वाइट किए गए सिंगर दलेर मेहंदी को मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर सबके बीच फटकार लगाई। मंत्री ने सिंगर से कहा, 'ठीक से बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गाओगे?' उनियाल ने दलेर मेहंदी को इस मौके की धार्मिक पवित्रता की याद दिलाई और मर्यादा न रखने पर अपनी निराशा जताई। मंत्री ने गायक से कहा, 'हमने आपको इतने पैसे देकर बुलाया है। इसलिए बुलाया था ताकि हमारे लोग मनोरंजन कर सकें। आप हमें बेवकूफ बना रहे हैं। यह गलत बात है। आप एक बड़ा नाम हैं, इसलिए आपको बुलाया गया था।' अब इस घटना पर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में नाराजगी साफ नजर आ रही है।
'माननीय मंत्री जी, आपको ये शोभा नहीं देता'

राजपाल यादव ने वीडियो शेयर कर कहा, 'एक कला का विद्यार्थी होने के नाते मैं आप लोगों से एक बात शेयर करना चाहता हूं कि जिस तरह एक सम्मानित मंत्री ने हजारों लोगों के सामने, एक ऐसे लीजेंड सिंगर जिसकी आवाज ने दशकों से देश-दुनिया में सबकी सेवा की है, ऐसी अशोभनीय निंदनीय शब्दों से व्यवहार कर रहे थे और मार-पिटाई का उदाहरण दे रहे थे। माननीय मंत्री जी, आपको ये शोभा नहीं देता।'
'पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है'

उन्होंने आगे कहा, 'ऐसा लग जैसे मानो आपने कला को ही खरीद लिया हो, कला कभी खरीदी नहीं जा सकती। कला एक जीवन है, और जीवन का सम्मान करिए। और आपकी जानकारी के लिए बता दूं कि दलेर पाजी शराब नहीं पीते। मैंने उनके साथ वेलकम टू द जंगल में काम किया है। उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा है और सब लोग प्रयास कर रहे हैं कि वो जल्दी से जल्दी अच्छे हों। पद आते हैं जाते हैं, लेकिन कद हमेशा रहता है और कला का कद हमेशा हजारों बरसों से है इसलिए कला के कद का सम्मान कीजिए, भगवान आपका भला करे।'

दलेर मेहंदी कहते रहे- सर, मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं

बताते चलें कि मंच पर इस दौरान हालात को संभालने की कोशिश करते हुए दलेर मेहंदी कहते रहे, 'सर, मैं आपसे हाथ जोड़कर विनती करता हूं। कृपया स्टेज से चले जाइए।' कैबिनेट मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि यह नवरात्रि का उत्सव है और इसे वह सम्मान मिलना चाहिए जिसका यह हकदार है। इस पूरे हंगामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

कहा- वह मंच पर बेसुध से लग रहे थे और खड़े भी नहीं रह पा रहे थे

वहीं घटना के बाद जब एएनआई ने सुबोध उनियाल से बात की तो उन्होंने बताया कि दलेर को नवरात्रि कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे। उन्होंने कहा, 'उन्हें परफॉर्म करने के लिए 35 लाख रुपये दिए गए थे , लेकिन वह गा तक नहीं रहे थे। इसलिए, मैंने अपनी नाराजगी व्यक्त कीवह एक बड़े कलाकार हैं। अगर कोई बड़ा कलाकार अपनी कला के साथ न्याय नहीं करता है... वह मंच पर बेसुध से लग रहे थे और खड़े भी नहीं रह पा रहे थे। इसके अलावा, वह सिर्फ अपने गानों पर लिप-सिंक कर रहे थे। मैंने उनसे कहा कि वह एक बड़े कलाकार हैं और उन्हें अपनी कला के साथ न्याय करना चाहिए।'