कटनी जिले के बड़वारा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बसारी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता राघवेंद्र सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देकर भुगतान की जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य पर मिलीभगत का आरोप
ज्ञापन के मुताबिक, तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य जवाहर लाल बुनकर और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी राजकमल वंशकार की कथित मिलीभगत से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अर्जित अवकाश भुगतान में नियमों की अनदेखी की गई। शिकायत में सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका भी जताई गई है।
2025 से जांच की मांग कर रहे शिकायतकर्ता
समाजसेवी और शिकायतकर्ता राघवेंद्र सिंह ने कहा कि वे वर्ष 2025 से इस मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को लिखित शिकायत के साथ दस्तावेज भी सौंपे हैं। उनके मुताबिक, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में बसारी संकुल में अर्जित अवकाश के भुगतान की जांच कराने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।
जांच के लिए टीम भेजने की बात
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी एसएम सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।