महापर्व छठ के तीसरे दिन आज रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य यानी डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जा रहा है।

लखनऊ में सीएम योगी ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। श्रद्धालुओं पर फूल भी बरसाए। उन्होंने लोक गायिका शारदा सिन्हा को याद किया। कहा कि छठ के गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली शारदा सिन्हा को याद किए बिना यह पर्व अधूरा है।

लक्ष्मण मेला मैदान घाट पर छठ पूजा के आयोजन में पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने छठी मैया के गीत गाए। उनके साथ 100 से ज्यादा कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

उधर, वाराणसी के राजा घाट पर छठ मनाने के लिए फ्रांस से लिया पहुंचीं। उन्होंने माथे पर सिंदूर लगाया और साड़ी पहनकर पूजा में शामिल हुईं। लिया ने बताया वह खास तौर पर छठ पूजा में शामिल होने के लिए वाराणसी आई हैं। अस्सी घाट पर रूस की रहने वाली एक महिला छठ पूजा में शामिल हुई।

लखनऊ में गोमती नदी के किनारे 110 घाटों पर व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। कई महिलाएं दंडवत करते हुए लक्ष्मण मेला मैदान घाट पहुंचीं। घाटों पर कहीं धोबिया नृत्य की प्रस्तुति हुई तो कहीं छठी मैया के गीत गूंजे। बच्चे सूर्य भगवान और छठी मैया का रूप बनाकर पहुंचे।

कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में भी व्रती महिलाओं ने गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजा की। उनके दउरे फल और पूजा सामग्री से सजे नजर आए।

महिलाएं अर्घ्य देने के बाद वेदी पर पूजा कर रही है। सभी घाटों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी को तैनात हैं। फतेहगंज स्थित घाट पर लोगों की भीड़ रही।


वाराणसी में छठ महापर्व की धूम रही। गंगा घाटों पर विदेशी महिलाएं भी पूजा में शामिल हुईं। उन्होंने भारतीय परंपरा के अनुसार छठी मैया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य दिया।


मथुरा में छठ महापर्व पर यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।


गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने राजघाट से शहरवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खुद कैमरा घुमाया। अलग-अलग घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई।


सीएम योगी ने कहा कि आज गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर समेत प्रदेशभर में लाखों श्रद्धालु छठ महापर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले उपद्रव के दौरान सरकार कान में तेल डालकर सोई रहती थी। तब उत्सव की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। घाटों पर सफाई, रोशनी, सुरक्षा और आवागमन के पुख्ता इंतजाम नहीं होते थे।


सीएम योगी ने लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में छठ पूजा समारोह को संबोधित किया। उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी की खुशहाली की कामना की। कहा- छठ के गीतों को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली शारदा सिन्हा को याद किए बिना यह पर्व पूरा नहीं हो सकता। सीएम ने उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।


नोएडा के सेक्टर-31 स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। घाट पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।


वाराणसी के अस्सी घाट पर रूस की रहने वाली एक महिला छठ पूजा में शामिल हुईं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने उन्हें सिंदूर लगाया और बेदी पूजन कराया।


कानपुर में छठ महापर्व पर महिला श्रद्धालु दंडवत परिक्रमा करती नजर आईं। उन्होंने छठी मैया के प्रति आस्था जताते हुए पूरी श्रद्धा के साथ पूजा स्थल तक दंडवत परिक्रमा की।


लखनऊ में छठ महापर्व पर गोमती नदी के किनारे हजारों श्रद्धालु जुटे। व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। ड्रोन से ली गई तस्वीरों में गोमती तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई।


सीएम योगी ने छठ महापर्व के आयोजन में प्रस्तुति देने वाली पद्मश्री मालिनी अवस्थी को सम्मानित किया। इस दौरान उनके पति और मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी भी मौजूद रहे।


प्रभुनाथ राय बोले- दुष्टों के लिए महाकाल हैं सीएम योगी

भोजपुरी समाज के अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने कहा- छठ पूजा करने वाले भोजपुरी समाज के लोगों को हमेशा सीएम योगी का आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की तारीफ करते हुए कहा कि वे टोल फ्री 108 की तरह हैं। उनके पास मदद के लिए फोन करने पर तुरंत सहायता मिलती है। उन्होंने कहा, "अच्छे लोगों के लिए ये महादेव हैं और दुष्टों के लिए महाकाल। उत्तर प्रदेश के लिए ये महादेव हैं।"


लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में छठ महापर्व के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गोमती नदी किनारे मौजूद श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए। इस दौरान घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


पद्मश्री मालिनी अवस्थी ने मुख्य कलाकार के तौर पर छठी मैया के गीतों की प्रस्तुति दी। उनकी गायकी पर श्रद्धालु झूम उठे। घाट पर मौजूद लोगों ने भक्तिमय माहौल में छठी मैया के गीतों का आनंद लिया।


देवरिया में रविवार शाम छठ महापर्व पर व्रती महिलाओं ने नदी, तालाब और पोखरों में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। महिलाओं ने संतान की सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना की। घाटों पर छठी मैया के जयकारे गूंजे। बच्चों ने पटाखे फोड़कर खुशियां मनाईं। जलते दीपों से घाट जगमगा उठे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा।


डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- छठी मैया की कृपा सब पर बनी रहे। पूरे प्रदेश में घाटों पर अच्छे इंतजाम किए गए हैं। हम सभी माताओं-बहनों को शुभकामनाएं देते हैं।