माउंट माउंगानुई: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के 5वें और आखिरी मैच में भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर फेल रहा। रोहित शर्मा के साथ ही विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ सस्ते में आउट हो गए। सलामी बल्लेबाजी करने उतरे रोहित ने 7 रन बनाए तो विराट के बल्ले से सिर्प 5 ही रन निकले। रोहित और विराट दोनों को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर ने आउट किया।
पावरप्ले में रोहित-विराट आउट
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर के खिलाफ रोहित फ्लिक शॉट खेलने की कोशिश में आउट हुए। उनका कैच शॉर्ट मिड विकेट पर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने लपका। इसके बाद विराट कोहली क्रीज पर उतरे। अपने अगले ही ओवर में फिशर ने विराट को आउट कर दिया। विकेटकीपर टिम सीफर्ट ने उनका कैच लिया। 7 गेंदों के भीतर फिशर ने दोनों को आउट कर दिया।
कौन हैं मैथ्यू फिशर?
27 साल के मैथ्यू फिशर के करियर यह 7वां ही वनडे मुकाबला है। इसी साल वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने वनडे डेब्यू किया था। पिछले मैच में उन्होंने 31 रन देकर 3 विकेट लिए थे। फिशर ने अक्षर पटेल, नमन धीर और आकिब नबी को आउट किया था। हालांकि मैट हेनरी ने मैच में 6 विकेट लिए थे और सारी चर्चा उन्हीं की हुई। फिशर लगातार 140 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी कर सकते हैं।
क्रिकेट के साथ ही पढ़ाई में भी मैथ्यू फिशर काफी अच्छे हैं। उन्होंने ओटागो यूनिवर्सिटी से लॉ में ग्रेजुएशन डिग्री पूरी की है। फिशर अंडर-19 क्रिकेट में भी न्यूजीलैंड के लिए खेल चुके हैं। वह अंडर-19 विश्व कप 2018 में न्यूजीलैंड की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने टूर्नामेंट में 7 विकेट लिए थे। 2025 में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने टेस्ट मैच के साथ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 16 फर्स्ट क्लास मैच में उनके 60 तो 31 लिस्ट ए मैच में 50 विकेट हैं। टी20 में वह 37 मैच में 30 विकेट ले चुके हैं।