नई दिल्ली: भारत को अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप राउंड में पाकिस्तान से हार मिली थी। मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने काफी आक्रामक जश्न मनाया था। एक खिलाड़ी ने पर्ची भी दिखाई थी। अब फाइनल में भारत ने बाजी मार ली। मैच की आखिरी गेंद पर चौका मारकर टीम इंडिया ने मैच अपने नाम किया। इस मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों का भी जश्न भी देखने लायक था।

मोहम्मद यूसुफ खेल भावना की बात करने लगे

पाकिस्तान की जश्न पर चुप रहने वाले पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ भारत की जीत के बाद ज्ञान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी मैदान पर सिर्फ अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि अपने परिवार की परवरिश, संस्कार और माता-पिता से मिले मूल्यों को भी दर्शाते हैं। उन्होंने अंडर-19 एशिया कप को अंडर-19 विश्व कप भी लिख दिया।
मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'अंडर-19 विश्व कप (एशिया कप) खत्म हो गया है और हमेशा की तरह प्रेशर में भारत पाकिस्तान से बेहतर रहा। यह दोनों टीमों के लिए और उन खिलाड़ियों के लिए जो भविष्य के स्टार बनने की क्षमता रखते हैं, सीखने का एक बेहतरीन मंच था।'

उन्होंने आगे लिखा, 'मैं एक बात कहना चाहूंगा कि जब आप खेलते हैं या किसी भी स्तर पर प्रतिस्पर्धा करते हैं, तो आप सिर्फ अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे होते। वास्तव में आप अपनी परवरिश, उन मूल्यों और नैतिकता का भी प्रतिनिधित्व करते हैं, जो आपके माता-पिता ने बचपन में आपको सिखाए हैं। इसलिए, जीत हो या हार, हमेशा सम्मानपूर्ण और संयमित रहें। सच्ची खेल भावना आपके व्यवहार में झलकती है, चाहे परिणाम कुछ भी हो। सचिन और सईद अनवर जैसे दिग्गज खिलाड़ी सबके लिए आदर्श हैं।
भारत को एक विकेट से जीत मिली

ओमान के अल अमरात में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर मेंस अंडर-19 एशिया कप खिताब जीता। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 337 रन बनाए थे। 42वें ओवर में भारत ने 252 रनों पर 8 विकेट खो दिए थे। इसके बाद भी टीम ने मैच को आखिरी गंद पर अपने नाम कर लिया।