GNews7.com

लाखों का बोटोक्स ट्रीटमेंट इंदौर के एमवाय में मुफ्त:लकवे के बाद जकड़े हाथ-पैरों में लौट रही हरकत, डॉक्टर बोले- इंटरनेट के झांसे में न आएं

Updated on 06-10-2026 01:18 PM

इंटरनेट मीडिया पर बोटोक्स को लेकर तरह-तरह के दावे वायरल हो रहे हैं। कहीं इसे लकवे का इलाज बताया जा रहा है तो कहीं कुछ घंटे या दो दिन में हाथ-पैरों की हरकत पूरी तरह लौट आने का दावा किया जा रहा है।

लेकिन, इंदौर में स्ट्रोक या लकवे के बाद हाथ-पैरों में होने वाली स्पास्टिसिटी यानी मांसपेशियों के असामान्य कड़ापन से परेशान पात्र मरीजों को एमवाय अस्पताल में बोटुलिनम टॉक्सिन (बोटोक्स) का उपचार नि:शुल्क दिया जा रहा है।

निजी अस्पतालों में महंगा पड़ने वाला यह उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत किया जा रहा है। अस्पताल में अब तक 1000 से अधिक मरीज इसका लाभ ले चुके हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार बोटोक्स लकवे का इलाज नहीं है। इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से लकवे के बाद विकसित होने वाली स्पास्टिसिटी को कम करने के लिए किया जाता है।

स्पास्टिसिटी से हाथ मुट्ठी की तरह बंद, पैर जमीन पर रखने में परेशानी

स्ट्रोक के बाद कुछ मरीजों में प्रभावित हिस्से की मांसपेशियां समय के साथ असामान्य रूप से सख्त होने लगती हैं। इसे स्पास्टिसिटी कहा जाता है।

ऐसे मरीजों में हाथ लगातार मुड़ा रह सकता है, उंगलियां मुट्ठी की तरह बंद हो सकती हैं और कोहनी सीधी करने में परेशानी हो सकती है। पैरों में कड़ापन बढ़ने पर पैर सामान्य तरीके से जमीन पर नहीं पड़ता, जिससे चलने में परेशानी हो सकती है।

कई बार यह कड़ापन फिजियोथेरेपी और रोजमर्रा के कामों में भी बाधा बनता है। ऐसे चुनिंदा मरीजों में विशेषज्ञ बोटुलिनम टॉक्सिन का इस्तेमाल करते हैं।

प्रभावित मांसपेशी की पहचान के बाद लगाया जाता है इंजेक्शन

डॉ. मोनिका पोरवाल बागुल मरीज की जांच कर यह देखती हैं कि किस मांसपेशी में असामान्य खिंचाव या कड़ापन है। इसके बाद जरूरत के अनुसार उन्हीं चुनिंदा मांसपेशियों में बोटोक्स लगाया जाता है। इसका उद्देश्य मांसपेशियों की अत्यधिक सक्रियता को अस्थायी रूप से कम करना होता है।

3 से 6 महीने तक रह सकता है असर

बोटोक्स का असर स्थायी नहीं होता। मरीज की स्थिति, मांसपेशियों की प्रतिक्रिया और स्पास्टिसिटी की गंभीरता के आधार पर कुछ मरीजों को तीन से छह महीने बाद दोबारा उपचार की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, हर मरीज को तय अंतराल पर दोबारा इंजेक्शन लगाना जरूरी नहीं है।

दोबारा बोटोक्स देना है या नहीं, कितनी मात्रा में देना है और किन मांसपेशियों में देना है, इसका निर्णय डॉक्टर मरीज की दोबारा जांच के बाद करते हैं।

मरीज बोले- यहां आकर पता चला बोटोक्स मुफ्त है

एमवाय अस्पताल में उपचार करा रहे एक मरीज ने बताया कि उसे पहले जानकारी नहीं थी कि यहां बोटोक्स की सुविधा निशुल्क उपलब्ध है। लकवे के बाद हाथ ठीक से नहीं उठता था और पैर से चलने में भी परेशानी थी।

अलग-अलग जगह इलाज कराने के बाद एमवाय अस्पताल में बोटोक्स लगाया गया। इसके बाद हाथ में कुछ हरकत आने लगी और चलने में भी सुधार महसूस हुआ।

मरीज ने कहा कि यदि इस सुविधा की जानकारी पहले होती तो इलाज के लिए अलग-अलग जगह भटकना नहीं पड़ता। सरकारी अस्पताल में उपचार निशुल्क मिलने से मरीज और परिवार पर इलाज का आर्थिक बोझ भी कम होता है।

दिसंबर 2025 में आया था लकवा, बोटोक्स के बाद हाथ में राहत

एक महिला ने बताया कि उसके पिता को दिसंबर 2025 में लकवा आया था। इसके बाद उनका हाथ ठीक से नहीं उठता था। इलाज और पुनर्वास के दौरान बोटोक्स दिया गया। महिला के मुताबिक, इसके बाद हाथ में पहले की तुलना में राहत महसूस हुई और हरकत में सुधार आया।

दो महीने पहले बोटोक्स लगा, हाथ का कड़ापन हुआ कम

दादी को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए एक युवक ने बताया कि करीब दो महीने पहले बोटोक्स लगाया गया था। इससे पहले हाथ काफी कड़क रहते थे।

अब हाथ पहले की तुलना में लूज हुआ है और मूवमेंट भी आने लगी है। पैर में भी पहले हरकत नहीं थी, लेकिन उपचार के बाद उसमें भी मूवमेंट महसूस हो रही है।

डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि एमवाय अस्पताल में बोटोक्स थेरेपी निशुल्क की जा रही है, जिससे गरीब और जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिल रहा है। मरीज किसी भी भ्रामक जानकारी में आकर खुद से कोई इंजेक्शन न लगवाएं। उन्होंने बताया कि यहां 10 साल से यह थेरेपी दी जा रही है।

मिथक: बोटोक्स लकवे को पूरी तरह ठीक कर देता है। तथ्य: बोटोक्स लकवे का इलाज नहीं है। यह लकवे के बाद होने वाली स्पास्टिसिटी यानी मांसपेशियों के असामान्य कड़ापन को कम करने में मदद करता है।

मिथक: हर लकवे के मरीज को बोटोक्स की जरूरत होती है। तथ्य: बोटोक्स मुख्य रूप से उन मरीजों में उपयोगी हो सकता है जिनमें स्पास्टिसिटी के कारण हाथ-पैर की गतिविधियां प्रभावित हो रही हों। हर मरीज इसके लिए उपयुक्त नहीं होता।

मिथक: बोटोक्स लगाते ही तुरंत असर शुरू हो जाता है। तथ्य: इसका प्रभाव तुरंत नहीं आता। सामान्यतः कुछ दिनों में असर शुरू होकर करीब दो सप्ताह के आसपास अधिक स्पष्ट हो सकता है।

मिथक: बोटोक्स से हाथ-पैर हमेशा के लिए ठीक हो जाते हैं। तथ्य: इसका प्रभाव अस्थायी होता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की जांच के आधार पर दोबारा उपचार किया जा सकता है।

मिथक: बोटोक्स के बाद फिजियोथेरेपी की जरूरत नहीं रहती। तथ्य: फिजियोथेरेपी और नियमित एक्सरसाइज पुनर्वास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कड़ापन कम होने से कई मरीजों में इन्हें करना आसान हो सकता है।

मिथक: जितनी ज्यादा मात्रा में बोटोक्स, उतना ज्यादा फायदा। तथ्य: दवा की मात्रा और किन मांसपेशियों में इंजेक्शन देना है, यह विशेषज्ञ मरीज की जांच के आधार पर तय करते हैं। अधिक मात्रा बेहतर परिणाम की गारंटी नहीं है।

मिथक: इंटरनेट पर देखकर कोई भी बोटोक्स लगवा सकता है। तथ्य: मरीज की समस्या, प्रभावित मांसपेशियों और स्पास्टिसिटी की गंभीरता का चिकित्सकीय आकलन जरूरी है।


अन्य महत्वपुर्ण खबरें

 06 October 2026
इंटरनेट मीडिया पर बोटोक्स को लेकर तरह-तरह के दावे वायरल हो रहे हैं। कहीं इसे लकवे का इलाज बताया जा रहा है तो कहीं कुछ घंटे या दो दिन में…
 06 October 2026
इंदौर के भागीरथपुरा दूषित पानी कांड की एक सदस्यीय जांच आयोग की अंतिम रिपोर्ट ने घटना को किसी एक अधिकारी की गलती नहीं, बल्कि सालों से चली आ रही तकनीकी…
 06 October 2026
उज्जैन के रामवास क्षेत्र में मंगलवार को मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की एक बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में…
 06 October 2026
मध्य प्रदेश के ऊपर हिस्से में साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात) की एक्टिविटी है। इस वजह से जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में अगले 4 दिन बारिश होने का अनुमान है। इंदौर…
 06 October 2026
मंत्री विजय शाह का भाषण हुआ म्यूटमाइक तो ठीक था, लेकिन मंत्री जी को ही म्यूट कर दिया गया। लाइव प्रसारण के दौरान मंत्री विजय शाह के भाषण की आवाज…
 06 October 2026
इंदौर में बंगाली चौराहा से पीपल्याहाना के बीच RE-2 (रोड) के करीब एक किलोमीटर लंबे अधूरे हिस्से का काम पूरा कराने के लिए मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम…
 05 October 2026
इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में सरकारी लोन दिलाने के नाम पर एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर के साथ लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने पीड़ित…
 05 October 2026
11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले की तैयारियां अब आधुनिक तकनीक के साथ की जा रही हैं। मैदान में…
 05 October 2026
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रविवार शाम 20 रुपए के 7 मोमोज देने पर विवाद हो गया। ठेले वाले ने 18 साल के छात्र पर कढ़ाई का खौलता तेल फेंक…
Advt.