राजधानी भोपाल के भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह करीब 11 बजे हुए सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। सपना रैपिडो बाइक बुक कर एक निजी न्यूज चैनल के ऑफिस जा रही थीं।

इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को कट मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर गईं। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल के एक निजी न्यूज चैनल में ट्रेनी थीं। घटना की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस हादसे के बाद फरार हुए बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से दोनों वाहनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।