कटनी के बरगवां स्थित किसना ज्वेलर्स 12 करोड़ रुपए की चोरी के मामले पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी को गैस कटिंग में माहिर अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया। गिरोह के चार सदस्य वारदात से एक दिन पहले, 10 नवंबर को कटनी पहुंच गए थे। चोरी 11 नवंबर को हुई थी।
आईजी जबलपुर प्रमोद वर्मा का कहना है कि प्रयागराज, दानापुर, साहिबगंज सभी जगह पर हमारी टीमें लोकल पुलिस के को-ऑर्डिनेशन में काम कर रही है, हम जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर में लेंगे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह के सदस्य बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के शातिर बदमाश हैं। वारदात से पहले चार सदस्यों ने कटनी रेलवे स्टेशन के पास होटल गणपति प्लाजा में कमरा लिया था। उन्होंने वहां रुककर योजना बनाई। कमरा बुक करते समय दो आरोपियों ने होटल प्रबंधन को अपने आधार कार्ड दिए थे।
पुलिस ने होटल का रजिस्टर और संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। साइबर सेल और पुलिस टीम जांच कर रही है कि जमा किए गए आधार कार्ड असली हैं या आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र दिए थे।
बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रेकी की
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने शहर के दूसरे ज्वेलरी शोरूम और बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रेकी की थी। पुलिस को गजानन कॉम्प्लेक्स समेत कई जगहों के सीसीटीवी कैमरों में संदिग्धों के फुटेज मिले हैं।
पुलिस जांच कर रही है कि गिरोह एक से ज्यादा जगहों पर चोरी की योजना बना रहा था या सुरक्षा व्यवस्था देखने के बाद किसना ज्वेलर्स को निशाना बनाया। पुलिस जांच में ये भी चला है कि आरोपियों ने जिस गैस कटर से तिजोरी काटी है उसे कटनी से ही किराए से लिया गया था।
प्रयागराज से अलग-अलग गए
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शहर से बाहर निकले। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पता चला है कि चोरी के बाद आरोपी सीधे कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज तक गए।
प्रयागराज स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने पुलिस से बचने के लिए आगे की यात्रा सड़क मार्ग व अन्य साधनों से की और अलग-अलग दिशाओं में बंट गए।
पुलिस की विशेष टीमें कटनी से प्रयागराज के बीच पड़ने वाले स्टेशनों के फुटेज खंगाल रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए उत्तर प्रदेश व झारखंड रवाना हो चुकी हैं।
गैस कटिंग में माहिर है गैंग
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस गिरोह के तार कई राज्यों से जुड़े होने के प्रमाण मिले हैं। यह गैंग गैस कटर की मदद से शटर व तिजोरी काटकर बड़ी चोरियों को अंजाम देने में माहिर है। इनके काम करने का तरीका बेहद पेशेवर है ये पहले किसी शहर में ठिकाना बनाते हैं, कुछ दिनों तक रेकी करते हैं, वारदात को अंजाम देते हैं और फिर तुरंत राज्य की सीमा पार कर फरार हो जाते हैं।
इस गिरोह के सदस्यों के खिलाफ ओडिशा, मुंबई, दिल्ली और झारखंड सहित देश के कई हिस्सों में इसी पैटर्न पर चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।