कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात आग लगने से अग्रवाल परिवार के छह लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में दो माह का बच्चा भी शामिल था। आग पूरन अग्रवाल और नितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में लगी थी।
शनिवार को कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया और हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
30 दिन में कार्रवाई के आश्वासन पर उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत में अजय सिंह राहुल से पूछा गया कि प्रशासन ने 30 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई। इस पर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में सरकार से उम्मीद करना उचित नहीं है।
अजय सिंह राहुल ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग दोहराई। बरही में छह लोगों की मौत के बाद नगरवासी शोक में हैं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।