कटनी के कोतवाली थाना क्षेत्र की बिलैया तलैया सब्जी मंडी में चोरों ने दुकान की दीवार काटकर करीब 3 लाख रुपए का सामान और नकदी चुरा ली।
चोर शंकर इलेक्ट्रिकल्स से गल्ले में रखे 2 लाख रुपए और एलईडी टीवी की आईसी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ले गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे पिता-पुत्र को चोरी का पता चला।
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर
बजाज बैग हाउस के बगल वाली गली में शंकर इलेक्ट्रिकल्स नाम से एलईडी टीवी डिस्प्ले रिपेयरिंग की दुकान है। इसे शंकर यादव और उनके बेटे समीर यादव चलाते हैं।
समीर यादव ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7:30 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार को दुकान बंद रहती है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे जब पिता-पुत्र दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर की दीवार टूटी मिली और सामान बिखरा हुआ था।
2 लाख नकद और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ले गए
दुकान की जांच करने पर पता चला कि चोर गल्ले में रखे करीब 2 लाख रुपए नकद, 80 से 90 हजार रुपए कीमत की एलईडी टीवी की आईसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स ले गए। दुकानदार के मुताबिक, चोरी से करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV फुटेज देख रही टीम
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। पीड़ित पक्ष पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहा है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज देख रही है।
किसना ज्वेलर्स की चोरी का मामला भी उठाया
व्यापारियों ने कहा कि पुलिस अब तक 12 करोड़ रुपए के किसना ज्वेलर्स मामले में पूरी बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। उनका कहना है कि मुख्य बाजार से सटी गली में हुई इस चोरी ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।