कटनी के छपरवाह नदी घाट पर रविवार शाम छठ पर्व के तीसरे दिन व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान हजारों महिलाएं और पुरुष कमर तक पानी में खड़े होकर पूजा में शामिल हुए। घाट पर छठी मैया के लोकगीत गूंजते रहे।

रविवार सुबह से ही घरों में छठ पूजा का प्रसाद तैयार किया गया। बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, मौसमी फल, नारियल, गन्ना, हल्दी, अदरक और पूजा की अन्य सामग्री सजाई गई। शाम को परिवार के पुरुष दउरा सिर पर रखकर और महिलाएं मंगल गीत गाते हुए पैदल घाट पहुंचीं।


कई कॉलोनियों से पहुंचे व्रती


कटनी के उपनगरीय इलाकों एनकेजे, छपरवाह, आयुध निर्माणी क्षेत्र, रोशन नगर, बजरंग कॉलोनी, गायत्री नगर और एसकेपी कॉलोनी से परिवार घाट पहुंचे। घाट किनारे वेदियां सजाई गईं और रोशनी की व्यवस्था की गई।

सूर्यास्त के समय व्रतियों ने नदी में उतरकर पूजा की और दूध व जल से डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। अर्घ्य के बाद लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं और प्रसाद बांटा।

आज उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा व्रत का समापन

चार दिवसीय छठ पर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके लिए व्रती और श्रद्धालु तड़के छपरवाह घाट पहुंचेंगे। उदीयमान सूर्य की पहली किरण के साथ दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके बाद व्रती प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास खोलेंगे।