कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र के हरैया गांव में 13 साल की छात्रा का शव संदिग्ध हालत में घर के पीछे कुएं में मिला। बालिका 13 नवंबर से लापता थी। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान खुशी कुशवाहा के रूप में हुई है। परिजनों ने उसकी तलाश के बाद कैमोर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी।
सोमवार को ग्रामीणों ने कुएं में शव देखा और परिजनों व कैमोर थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
मौत की वजह की होगी जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि बालिका के लापता होने पर गुम इंसान दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।